इंदौर को मिली 773 करोड़ की सौगात, जल्द तैयार होगा 1450 बिस्तरों का नया एमवाय अस्पताल 

इंदौर। शहर की स्वास्थ्य सुविधाओं को रविवार को नई ऊंचाई मिली. शहर को 773.07 करोड़ रुपए की लागत से 1450 बिस्तरों वाला नया एमवाय अस्पताल मिलने जा रहा है. इस अस्पताल में मेडिसिन और सर्जरी विभाग के 330-330, ऑर्थोपेडिक्स के 180, शिशु रोग सर्जरी के 60, शिशु रोग वार्ड के 100 और इमरजेंसी मेडिसिन के 180 बिस्तरों की सुविधा होगी. महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय परिसर में नए अस्पताल भवन के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया.

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि बीते 11 वर्षों में देश और मध्यप्रदेश की स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार विस्तार हुआ है. नए मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज खुल रहे हैं और सरकार का फोकस नागरिकों को बेहतर, सुलभ और आधुनिक इलाज उपलब्ध कराने पर है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर प्रदेश का प्रमुख चिकित्सा केंद्र है और नया एमवाय अस्पताल बनने के बाद इसकी भूमिका और मजबूत होगी. इससे न केवल प्रदेश बल्कि पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती जिलों से आने वाले मरीजों को भी यहां बेहतर उपचार मिल सकेगा. उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा से जुड़े तंत्र को मजबूत किया है. एमवाय अस्पताल में बोन मैरो ट्रांसप्लांट और किडनी ट्रांसप्लांट जैसी जटिल सुविधाएं पहले से निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं.

गुणवत्ता सर्वोपरि रहे

मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल भवन के निर्माण में गुणवत्ता सर्वोपरि रहे. नया अस्पताल भवन मध्यप्रदेश भवन विकास निगम द्वारा निर्मित किया जाएगा. इसमें मेडिसिन, सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, शिशु रोग, न्यूरो सर्जरी, ईएनटी, दंत रोग, त्वचा रोग, मातृ एवं शिशु, नेत्र तथा इमरजेंसी मेडिसिन विभागों के लिए अलग-अलग वार्ड बनाए जाएंगे. केवल वार्ड निर्माण पर 528 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे.

यह भी थे मौजूद

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई. स्वागत उद्बोधन विधायक गोलू शुक्ला ने दिया. कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित विधायक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.

जल्द मिलेंगी यह सौगातें भी…

परियोजना में 550 बिस्तरों वाला नर्सिंग हॉस्टल, 250 सीटर मिनी ऑडिटोरियम, सार्वजनिक पार्किंग, विद्युतीकरण, सोलर पैनल, बाउंड्रीवॉल, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, प्लंबिंग और वाटर सप्लाई से जुड़े कार्य भी शामिल हैं. इन सभी को मिलाकर पूरे प्रोजेक्ट की लागत 773.07 करोड़ रुपए तय की गई है.

Next Post

ऐरन में तीन दिवसीय महोत्सव की तैयारी तेज

Sun Dec 14 , 2025
बीना। ऐरन महोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं! मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लगभग सवा साल पहले इस महोत्सव के आयोजन की घोषणा की थी,और अब संस्कृति विभाग इसे मूर्त रूप देने में जुटा है। शनिवार को दोपहर संस्कृति विभाग के जॉइंट डायरेक्टर रितेश सिंह, एसडीएम विजय डेहरिया और नायब […]

You May Like