सटई में ट्रैक्टर-ट्रॉली तलैया में पलटी, दो की मौत,परिजनों ने हादसे को बताया हत्या

छतरपुर। सटई थाना क्षेत्र के विजयपुर गांव के पास बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीनदयाल राजपूत (40) और बबलू राजपूत (35) के रूप में हुई है। परिजनों ने इस घटना को हादसा न मानकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सटई अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऐसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, दोनों मृतक बुधवार शाम मातगुवां से खेतों में डालने के लिए खाद लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से विजयपुर लौट रहे थे। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की। गुरुवार सुबह तलैया के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी मिली, जिसके पास ही दोनों के शव पड़े मिले।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

घटना स्थल पर पहुंचे परिजनों ने कुछ ग्रामीणों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। उनका कहना है कि दोनों की मौत हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है।

पुलिस जांच में जुटी

सटई थाना प्रभारी रूपनारायण पटेरिया ने बताया कि ग्रामीणों की मदद से शव और वाहन बाहर निकलवाया गया है। प्राथमिक जांच में मामला वाहन पलटने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Next Post

बड़वारा पुलिस ने किया अंतर जिला डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार

Thu Nov 6 , 2025
कटनी। जिले की बड़वारा पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों को कड़ा सबक सिखाते हुए अंतरजिला डीजल चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का डीजल और घटना में प्रयुक्त वाहन जब्त किया है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा […]

You May Like