
रीवा।कलेक्ट्रेट में जिला समन्वय एवं विकास समिति दिशा की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि सभी अधिकारी बैठक में तथ्यपूर्ण जानकारी दें. गत बैठक की तुलना में शासन की योजनाओं में प्रगति का विवरण बैठक में प्रस्तुत करें.
अधिकारी यदि भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी देने की कोशिश करेंगे तो उनके विरूद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी. गरीबों का उत्थान और जनकल्याण सरकार और प्रशासन की साझी जिम्मेदारी है. सभी अधिकारी इसका ठीक से निर्वहन करें. समूह नलजल योजनाओं की प्रगति बहुत धीमी है. जल जीवन मिशन तथा पीएचई विभाग के अधिकारी दिसम्बर माह तक पानी की टंकियों का निर्माण कराकर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करें. एकल नलजल योजनाओं में भी पानी की आपूर्ति का सर्वे कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें. समूह नलजल योजनाओं से पुरानी नलजल योजना की टंकियों को भी पानी दिया जाएगा. इसके लिए समन्वित प्रयास करें. संचालित नलजल योजनाओं का सत्यापन कराकर संबंधित विधायकगणों तथा जनपद अध्यक्षों को सूची प्रस्तुत करें. सांसद ने कहा कि अक्षय ऊर्जा के लिए प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना अत्यंत लाभकारी है. इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें. बैठक में विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह ने पंचायतों को हस्तांतरित नलजल योजनाओं के सुचारू संचालन, समूह नलजल योजना से जुड़े निर्माण कार्यों तथा फीडर सेपरेशन के संबंध में सुझाव दिए. विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली की आपूर्ति एवं पेयजल की आपूर्ति में कठिनाई से जुड़े मुद्दे उठाए. बैठक में राजेश पाण्डेय ने समूह नलजल योजना, फीडर सेपरेशन एवं वृक्षारोपण के संबंध में सुझाव दिए. बैठक में जिला पंचायत सीईओ एवं नगर निगम आयुक्त मौजूद रहे.
130 फीडरों पर सेपरेशन का कार्य पूरा
बैठक में सांसद ने कहा कि बिजली विभाग की आरडीएसएस योजना से रीवा और मऊगंज जिले में 271 फीडरों में स्वीकृत फीडर सेपरेशन का कार्य केवल 103 फीडरों में पूरा हुआ है. शेष 157 फीडरों में दिसम्बर माह तक फीडर सेपरेशन का कार्य पूरा कराएं. प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना में फेज 4 में नए गांवों और छूटे हुए मजरे टोलों के नाम सर्वे सूची में शामिल करें. इस संबंध में विधायकों द्वारा प्रस्तावित बसाहटों का सत्यापन कराकर डीपीआर मंट गांव के नाम शामिल करें. जिले में 50 हजार मुनगे के पौधे रोपे जाएंगे. बैठक में सांसद ने उच्च शिक्षा विभाग की रूसा योजना से शहर के तीन महाविद्यालयों में आवंटित राशि से किए गए कार्यों की समीक्षा की.
