एस एस राजामौली की 1200 करोड़ बजट वाली फिल्म ‘वाराणसी’ के सेट से पहली तस्वीर लीक हुई है। वायरल फोटो में उग्रभट्टी गुफाओं का भव्य सेट नजर आया। यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को रिलीज होगी।
निर्देशक एसएस राजामौली की फिल्म ‘वाराणसी’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिना जा रहा है, जिसका बजट करीब 1200 से 1300 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। अब फिल्म के सेट से एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसने फैंस की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। यह पहली बार है जब फिल्म के सेट से कोई तस्वीर लीक हुई है।
वायरल तस्वीर में एक विशाल ब्लू-स्क्रीन बैकग्राउंड नजर आ रहा है, जिसके चारों तरफ चट्टानों और बारीक नक्काशी वाले खंभों का भव्य सेट तैयार किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह सेट फिल्म के ‘उग्रभट्टी गुफाओं’ वाले सीक्वेंस का हिस्सा है। हालांकि तस्वीर में कोई कलाकार या क्रू मेंबर दिखाई नहीं दे रहा, लेकिन सेट की भव्यता ही फिल्म के बड़े स्तर को दिखाने के लिए काफी है।
फिल्म का रहस्यमयी सीक्वेंस
बताया जा रहा है कि इस खास सीक्वेंस को माता छिन्नमस्ता देवी की पौराणिक कथा से प्रेरित होकर डिजाइन किया गया है। इसी रहस्यमयी और शक्तिशाली थीम को फिल्म की कहानी में शामिल किया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म में महेश बाबू एक ऐसे किरदार में नजर आएंगे, जो एक प्राचीन और खतरनाक शक्ति से मुकाबला करेगा। इस दौरान उनका किरदार देवी की कृपा और शक्ति प्राप्त करने के लिए उग्रभट्टी गुफाओं तक पहुंचेगा।
प्रियंका चोपड़ा के किरदार पर सस्पेंस
माना जा रहा है कि ट्रेलर में इस सीक्वेंस की हल्की झलक पहले ही दिखाई जा चुकी है, लेकिन अब सामने आई तस्वीर ने फिल्म की दुनिया को और ज्यादा विस्तार से दिखाया है। फिल्म में प्रियंका चोपड़ा भी अहम भूमिका निभा रही हैं। हालांकि उनके किरदार को लेकर अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन फिल्म में उनकी मौजूदगी को लेकर फैंस काफी उत्साहित हैं।
IMAX और VFX पर खास फोकस
‘वाराणसी’ को IMAX फॉर्मेट के लिए तैयार किया जा रहा है और इसकी शूटिंग भी हाई-एंड कैमरों से की जा रही है। फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स को लेकर भी मेकर्स बेहद सावधानी बरत रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक राजामौली ने कुछ खास सीक्वेंस के लिए अफ्रीका के घास के मैदानों में जाकर माइग्रेटरी जानवरों की रियल-टाइम फुटेज शूट करवाई थी, ताकि फिल्म को ज्यादा वास्तविक बनाया जा सके। फिल्म की शूटिंग तेजी से चल रही है और इसे 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की तैयारी है।
