नयी दिल्ली, 01 अगस्त (वार्ता) प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा के वाहनों की घरेलू बिक्री जुलाई में 20 प्रतिशत बढ़कर 60,048 इकाई पर पहुंच गयी। कंपनी ने शनिवार को बताया कि जुलाई में वाणिज्यिक वाहनों की घरेलू बिक्री 23 प्रतिशत बढ़कर 25,204 इकाई पर रही। तिपहिया की बिक्री भी 53 फीसदी बढ़ी और 14,538 इकाई दर्ज की गयी।
वाणिज्यिक वाहनों और तिपहिया की घरेलू बिक्री तथा निर्यात मिलाकर उसकी कुल बिक्री 1,03,860 इकाई पर रही। यह पिछले साल जुलाई की तुलना में 26 प्रतिशत अधिक है। कंपनी के ट्रैक्टरों की बिक्री एक साल पहले की तुलना में 21 प्रतिशत बढ़कर 32,643 इकाई पर पहुंच गयी। कंपनी ने जुलाई में 1,777 ट्रैक्टरों का निर्यात किया जो सालाना तीन प्रतिशत वृद्धि है। इस प्रकार ट्रैक्टरों की कुल बिक्री 20 प्रतिशत ऊपर 34,420 इकाई दर्ज की गयी। महिंद्रा के ट्रक एवं बस कारोबार में (एसएमएल महिंद्रा लिमिटेड सहित) बिक्री एक साल पहले के तुलना में 19 प्रतिशत बढ़ी और 3,009 इकाई पर रही।

