
जबलपुर। मझगवां अंतर्गत छनगवां मोड़ पर एक तेज रफ्तार मार्शल और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने शव एफआईआर दर्ज कर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर है और फरार मार्शल चालक की तलाश शुरू कर दी है।
खेत में जा घुसी, मौके पर मची चीख-पुकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार छनगवां निवासी विमल सेन (39) अपनी मोटरसाइकिल एमपी 20 एन एन 4282 पर लखन लोधी और रामवरन लोधी को बैठाकर खिरहनी जा रहे थे। जैसे ही वे छनगवां तिराहे के पास पहुंचे, सामने से आ रही सफेद रंग की मार्शल एमपी 20 जेड टी 4695 के चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और मार्शल सड़क छोड़ पास के खेत में जा घुसी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम-
घटना के बाद ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शी रविन्द्र लोधी ने बताया कि विमल सेन लहूलुहान हालत में बेहोश पड़े थे। उन्हें तत्काल एम्बुलेंस से शासकीय अस्पताल मझगवां ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य दो घायल लखन और रामवरन को ग्रामीण पहले ही अस्पताल ले जा चुके थे, जहाँ से उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
