दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष से नेपाल के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, नवीन और लामिछाने ने विभिन्न मुद्दों पर की चर्चा

नयी दिल्ली, 02 जून (वार्ता) नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रबी लामिछाने ने मंगलवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने विभिन्न मुद्दे पर चर्चा की। यहां के दीनदयाल मार्ग पर स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर श्री नवीन ने श्री लामिछाने का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुलाकात के दौरान आरएसपी प्रतिनिधिमंडल भाजपा की सदस्यता प्रक्रिया, उम्मीदवारों के चयन की प्रणाली और ज़मीनी स्तर के कार्यकर्ताओं की पहचान करने तथा उनसे जुड़ने के लिए पार्टी के तंत्र के बारे में जानने की कोशिश की। श्री नवीन ने उनके सवालों के जवाब दिए और समझाया कि भाजपा की सांगठनिक शक्ति लगातार जनसंपर्क, बूथ-स्तर पर जुड़ाव और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आम नागरिकों की भागीदारी के माध्यम से कैसे निर्मित होती है।

इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास-उन्मुख शासन मॉडल पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विकास, सेवा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन भाजपा के जनसंपर्क और शासन के दृष्टिकोण के केंद्र में रहे हैं। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने राजनीति में ‘जेन जेड ‘ (नई पीढ़ी) की बढ़ती भूमिका और क्षमता पर, विशेष रूप से लोकतांत्रिक भागीदारी, सार्वजनिक विमर्श और भविष्य के नेतृत्व को आकार देने में उनकी भूमिका पर भी चर्चा की।
बैठक में श्री नवीन के साथ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह, सांसद संजय जायसवाल, सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा के विदेश मामलों के विभाग के प्रभारी डॉ. विजय चौथाईवाले भी उपस्थित थे।

नेपाली प्रतिनिधिमंडल ने पार्टी मुख्यालय स्थित भाजपा मीडिया सेंटर और केंद्रीय पुस्तकालय का भी दौरा किया। बैठक के बाद अपराह्न के भोजन पर एक अनौपचारिक चर्चा हुई, जिसमें दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, श्री मनोज तिवारी, श्री प्रवीण खंडेलवाल, सुश्री बांसुरी स्वराज, श्री हर्ष मल्होत्रा और श्री रामवीर सिंह बिधूड़ी शामिल हुए। श्री लामिछाने पांच दिवसीय भारत यात्रा पर आए हैं। उनके साथ नेपाली संसद के कई अन्य नेता और प्रतिनिधि भी मौजूद हैं। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भाजपा और आरएसपी के बीच संवाद स्थापित करना, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और जन-केंद्रित राजनीतिक पहुंच पर विचारों का आदान-प्रदान करना है। इसके साथ ही नेपाली प्रतिनिधिमंडल लोकतांत्रिक व्यवस्था, शासन मॉडल और जनसम्पर्क जैसे मुद्दों पर भी चर्चा करेगा।

भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर श्री नवीन सहित भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने नेपाली प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस मौके पर काफी संख्या में नेपाली प्रवासी भी मौजूद थे और उन्होंने भी श्री लामिछाने के नेतृत्व में आए नेपाली प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। भाजपा ने उम्मीद जतायी है कि इस मुलाकात से दोनों राजनीतिक दलों के बीच सार्थक संवाद और सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार श्ली लामिछान के नेतृत्व में आया प्रतिनिधनमंडल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर सकता है। उल्लेखनीय है कि श्री नवीन ने 26 मई को भाजपा को जानिए पहल के तहत 12 देशों के राजनयिक मिशनों के प्रमुखों से मुलाकात की थी। इस मुलाकात का उदेश्य विदेशी मिशनों के साथ संवाद तंत्र को मजबूत करना था।

.....

Next Post

केन-बेतवा लिंक परियोजना: बिना मुआवजे के मकान ढहाने का आरोप, जनसुनवाई में पहुंचे ढोढऩ के ग्रामीण

Tue Jun 2 , 2026
छतरपुर। केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्राम ढोढऩ के ग्रामीण मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचे और अपनी समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराया। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि सभी पात्र परिवारों को शीघ्र एवं उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों […]

You May Like