महू, 14 अप्रैल (वार्ता) संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के मौके पर आज मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के महू (अंबेडकर नगर) में ‘संविधान का महाकुंभ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सहभागिता की और उपस्थित नागरिकों को संवैधानिक मूल्यों की रक्षा तथा कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलायी।
डाॅ यादव ने कहा कि आज उन्होंने इंदौर जिले में भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर आयोजित ‘संविधान का महाकुंभ’ कार्यक्रम में सहभागिता की और उपस्थित नागरिकों को भारत की लोकतांत्रिक परंपरा और संविधान की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, पंथ निरपेक्ष राष्ट्र की एकता एवं अखंडता तथा लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के लिए अपने संवैधानिक मूल्यों की रक्षा तथा कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ दिलायी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह शपथ हमारे संवैधानिक मूल्यों के प्रति समर्पण का प्रतीक है। साथ ही यह एक सशक्त, समावेशी और न्यायसंगत भारत के निर्माण के लिए हमारे सक्रिय योगदान का संकल्प भी है। इस अवसर पर भाजपा के मध्यप्रदेश प्रभारी डाॅ महेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, श्री तुलसीराम सिलावट, इंदौर महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।

