हाईकोर्ट में न्यायमूर्ति आशीष श्रोती ने संभाला पदभार

 

मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत ने ग्रहण कराई शपथ

 

जबलपुर। हाईकोर्ट में सोमवार को नव नियुक्त न्यायमूर्ति आशीष श्रोती ने पदभार संभाल लिया। इससे पूर्व गरिमामय समारोह में शपथ ग्रहण की। इस दौरान मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत व प्रशासनिक न्यायाधीश संजीव सचदेवा सहित अन्य न्यायमूर्ति मंचासीन थे।

सर्वप्रथम रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह ने नियुक्ति-पत्र का वाचन किया। इसके बाद मुख्य न्यायाधीश सुरेश कुमार कैत ने विधिवत शपथ ग्रहण कराई। महाधिवक्ता कार्यालय से अतरिक्त महाधिवक्ता जान्हवी पंडित, केन्द्र शासन की ओर से उप महान्यायवादी पुष्पेंद्र कुमार यादव, एमपी स्टेट बार काउंसिल के चेयरमैन राधेलाल गुप्ता, हाई कोर्ट बार एसोसिएशन, जबलपुर के अध्यक्ष धन्य कुमार जैन, हाई कोर्ट एडवोकेट्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता संजय अग्रवाल, सीनियर एडवोकेट काउंसिल की अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता शोभा मेनन सहित अन्य ने नव नियुक्त न्यायमूर्ति आशीष श्रोती के व्यक्तित्व-कृतित्व को रेखांकित किया। साथ ही न्याय-जगत में नव प्रतिमान दर्ज करने की अपेक्षा सहित शुभकांक्षाएं अभिव्यक्त कीं।

न्यायदान बड़ी जिम्मेदारी : सीजे कैत

मुख्य न्यायाधीश कैत ने कहा कि नव नियुक्त न्यायमूर्ति श्रोती के कांधों पर बड़ी जिम्मेदारी आई है। आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि वे विधि के ज्ञान का सदुपयोग कर नव कीर्तिमान दर्ज करेंगे।

 

कोई कोर-कसर शेष नहीं रखूंगा :न्यायमूर्ति श्रोती

नव नियुक्त न्यायमूर्ति श्रोती ने कहा कि जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूर्ण मनायोग से पूर्ण करूंगा। कोई कोर-कसर शेष नहीं रखूंगा। सहज, सुलभ व त्वरित न्यायदान प्रणाली की दिशा में नवाचार मेरी वरीयता होगी।

हाईकोर्ट में पदस्थ जजों की संख्या हुई 34

वर्तमान में हाई कोर्ट में जजों के कुल स्वीकृत 53 पदों के मुकाबले 33 जज पदस्थ हैं। अब एक इजाफे के साथ यह संख्या 34 हो गई है। इस तरह कुल रिक्त पद 20 से घटकर 19 हो गए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि निकट भविष्य में नई नियुक्तियों के साथ यह अंतर और कम हो जाएगा।

Next Post

कूटरचित दस्तावेजों निर्माण, धोखाधड़ी का आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध करें

Tue Feb 18 , 2025
रेलवे लाइन से 100 फीट की दूरी पर तीन मंजिला निर्माण का मामला जबलपुर। प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी शुभांगी पालो की अदालत ने कूटरचित दस्तावेजों निर्माण के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के अंतर्गत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध करने का आदेश दिया है। यह जिम्मेदारी ओमती पुलिस को सौंपी गई है। […]

You May Like