
नयी दिल्ली 03 जनवरी (वार्ता) नीति आयोग ने महिला उद्यमियों को सशक्त करने के लिए देश की वाणिज्यिक राजधानी मुंबई के बाहरी इलाके के ‘मीरा भयंदर नगर निगम’ के साथ साझेदारी की है, जिसमें उन्हें पारंपरिक नाश्ता बनाने के आवश्यक उपकरण, कौशल और अवसर उपलब्ध कराये जाएगें।
नीति आयोग ने शुक्रवार को यहां बताया कि महिला उद्यमिता मंच ने ‘फराल सखी’ पहल के अंतर्गत मीरा भयंदर नगर निगम में मीरा भयंदर शहर की महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक कार्यक्रम की रूप रेखा तैयार की है। यह कार्यक्रम पारंपरिक नाश्ता (स्नैक्स) उत्पादन से जुड़ी महिला उद्यमियों को स्थायी और प्रभावी ढंग से बढ़ाने में सहायता करने के लिए व्यापक प्रशिक्षण और सहयोग देगा।
मीरा भयंदर की 25 महिलाओं को व्यवसाय संचालन में तकनीकी प्रशिक्षण के लिए चुना जाएगा। शिक्षा, प्रशासन और सार्वजनिक नीति केंद्र इन महिलाओं काे प्रशिक्षण, स्थायी व्यवसाय स्थापित करने और आवश्यक कौशल तथा ज्ञान से लैस करेगा। नीति आयोग की प्रमुख आर्थिक सलाहकार अन्ना रॉय ने कहा कि महिलाओं के नेतृत्व वाले घरेलू उद्योगों के विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। यह पहल न केवल व्यवसाय बनाने के बारे में है, बल्कि सामाजिक परिवर्तन को प्रेरित करने के बारे में भी है।
‘फराल सखी’ पहल का उद्देश्य महिलाओं को पारंपरिक त्यौहार स्नैक्स (‘फराल’) के उत्पादन और बिक्री में शामिल करके उनके लिए स्थायी रोजगार के अवसरों का सृजन करना है। दिवाली के मौसम के दौरान बेहतर गुणवत्ता और स्वाद के कारण तीन टन से अधिक स्नैक्स की बिक्री की गई।
