जम्मू, (वार्ता) कश्मीर घाटी को शेष भारत से जोड़ने वाली ट्रेन सेवा की शुरुआत होने से पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह जनवरी को नयी दिल्ली से जम्मू रेलवे डिवीजन का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी छह जनवरी को जम्मू रेलवे डिवीजन का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह यहां इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
जम्मू के साथ-साथ पूरे देश में दो अन्य रेलवे डिवीजनों का भी उसी दिन उद्घाटन किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में जम्मू उत्तर रेलवे के फिरोजपुर रेलवे डिवीजन के अंतर्गत आता है।
जम्मू रेलवे डिवीजन की स्थापना इस क्षेत्र में स्थानीय संगठनों की लंबे समय से चली आ रही मांग है और इसकी स्थापना से यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों दोनों को लाभ होने, संपर्क बढ़ने और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
वर्तमान में ट्रेन सेवाएं जम्मू-कश्मीर में संगलदान और बारामूला के बीच संचालित होती हैं, जबकि 18 किलोमीटर लंबे कटरा-रियासी खंड पर भी परीक्षण कार्य चल रहा है, जो उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना का एक महत्वपूर्ण खंड है।
यूएसबीआरएल परियोजना का लक्ष्य उन्नत सुविधाओं के साथ विश्व स्तरीय रेल बुनियादी ढांचा प्रदान करना है।
