
कुम्हारी/दमोह। कुम्हारी थाना पुलिस ने शासकीय शराब दुकान के सामने से बजाज कंपनी की दो मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में सफलता हासिल करते हुए दोनों बाइक बरामद कर ली हैं। पुलिस ने चोरी के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुजरात निवासी समील पिता त्रिभुवन दत्त मिश्रा ने 28 अक्टूबर 2026 को कुम्हारी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16-17 अक्टूबर की दरमियानी रात शासकीय शराब दुकान के सामने खड़ी बजाज कंपनी की दो CT 110X मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गईं। इनमें एक मोटरसाइकिल काले-लाल रंग की तथा दूसरी पीले रंग की थी।मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा हटा एसडीओपी कृष्णपाल सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने जांच शुरू की। कुम्हारी थाना पुलिस एवं साइबर सेल दमोह की टीम ने लगातार प्रयास कर आरोपियों की तलाश की।
पुलिस ने 29 अक्टूबर को कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दोनों मोटरसाइकिल बरामद कर लीं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बृजेश पांडे, उपनिरीक्षक महेश उपाध्याय, प्रधान आरक्षक रामकिशोर सहित पुलिस स्टाफ तथा साइबर सेल के आरक्षक राकेश अय्या, आरक्षक मयंक दुबे की भूमिका रही।पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
