जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में जाजू कॉलेज की टीम विजेता, स्वामी विवेकानंद कॉलेज उपविजेता

नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच में आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में मेजबान जाजू कॉलेज की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं, पीएम श्री स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतियोगिता में शासकीय महाविद्यालय जीरन, रामपुरा और मनासा के साथ स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय तथा श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय, नीमच की टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में चयनित छात्राएं अब उज्जैन में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा उपस्थित रहे। इस अवसर पर क्रीड़ा प्रभारी डॉ. बीना चौधरी और क्रीड़ा अधिकारी डॉ. महेंद्र राव भी मौजूद रहे।

प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और संघर्ष करने की शक्ति विकसित होती है। उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि डॉ. प्रशांत मिश्रा ने कहा कि कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल शारीरिक दक्षता, मानसिक एकाग्रता, साहस और सामूहिक भावना को मजबूत करते हैं। महाविद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताएं खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढऩे का अवसर प्रदान करती हैं।

क्रीड़ा प्रभारी डॉ. बीना चौधरी ने खेलों के माध्यम से सकारात्मक प्रतिस्पर्धा, अनुशासन और टीम भावना विकसित होने की बात कही। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी गई। क्रीड़ा अधिकारी डॉ. महेंद्र राव ने सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों और आयोजन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्रतूपाल सिंह पंवार और संतोष आर्य ने निभाई, जबकि स्कोरर ईशा रावल और आस्था माहेश्वरी रहीं। कार्यक्रम का संचालन क्रीड़ा अधिकारी डॉ. महेंद्र राव ने किया।

Next Post

खेत पर काम कर रहे युवक को जहरीले सांप ने डसा, नाव से गांव लाए; अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम

Thu Oct 22 , 2026
नीमच। खेत पर मजदूरी करने गए 27 वर्षीय युवक की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। घटना नीमच सिटी थाना क्षेत्र के सिरखेड़ा गांव की है। सांप के डसने के बाद खेत से गांव तक युवक को लाने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ा। परिजन उसे तत्काल […]

You May Like