इंदौर की बिजली व्यवस्था होगी और बेहतर, भौरासला में बन रहा सब स्टेशन

इंदौर:इंदौर में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं. सोमवार शाम मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक अनूप कुमार सिंह ने भौरासला क्षेत्र में बन रहे 33/11 केवी के अत्याधुनिक सब स्टेशन का निरीक्षण किया. यह सब स्टेशन अरविंदो अस्पताल के पास बनाया जा रहा है, जिसकी लागत करीब 3 करोड़ रुपये है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.

इस नए सब स्टेशन को 132 केवी निरंजनपुर लाइन से बिजली मिलेगी. इसके शुरू होने के बाद सांवेर रोड क्षेत्र में रहने वाले उपभोक्ताओं को काफी राहत मिलेगी. खासतौर पर भौरासला चौराहा और आसपास के इलाकों में बिजली आपूर्ति बेहतर होगी और आने वाले वर्षों में बढ़ती मांग को भी आसानी से पूरा किया जा सकेगा. बरदरी औद्योगिक क्षेत्र के उपभोक्ताओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा.

निरीक्षण के दौरान एमडी ने सांवेर रोड के औद्योगिक क्षेत्र का भी जायजा लिया और बिजली आपूर्ति में और सुधार करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य अभियंता (कार्य) एस.एल. करवाड़िया, अधीक्षण अभियंता (ग्रामीण) डॉ. डी.एन. शर्मा, शहर अधीक्षण यंत्री डी.के. गाठे और कार्यपालन यंत्री अमित पटेल भी मौजूद रहे. यह निरीक्षण इंदौर में घरेलू और औद्योगिक दोनों स्तर पर बेहतर और स्थिर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.

Next Post

11 लाख रुद्राक्ष महोत्सव का हुआ भूमि पूजन

Tue Apr 28 , 2026
आष्टा। नगर में आयोजित होने जा रहे 11 लाख रुद्राक्ष महोत्सव, राम कथा एवं 51 कन्याओं के सामूहिक विवाह सम्मेलन के अंतर्गत सोमवार को मुकाती जी की बावड़ी परिसर में भूमि पूजन सम्पन्न हुआ. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच स्वामी सत्य शेल जी महाराज ने भूमि पूजन कर महोत्सव का शुभारंभ […]

You May Like