नेतन्याहू ने कहा कि इजरायली सेना गाजा में मौजूद सैनिकों की सुरक्षा के लिए काम करती रहेगी और इजरायल अपने अमेरिकी सहयोगियों को ऑपरेशन्स के बारे में बताएगा।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को हमास को निहत्था करने और गाजा पट्टी को पूरी तरह से असैन्य क्षेत्र बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पिछले महीने लागू हुए सीजफायर के बावजूद बचे हुए आतंकी समूहों को निशाना बनाती रहेगी।सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, नेतन्याहू ने मंत्रियों से कहा कि गाजा के कुछ हिस्सों में जो हमारे नियंत्रण में हैं, हमास के कुछ सेल अभी भी सक्रिय हैं और हम उन्हें व्यवस्थित तरीके से खत्म कर रहे हैं। उन्होंने इसके लिए दक्षिणी गाजा में राफा और खान यूनिस के इलाकों का जिक्र किया।
इजरायली प्रधानमंत्री ने कहा कि हमास को निहत्था करना और गाजा पट्टी को डीमिलिटराइज (असैन्य क्षेत्र) करना हमारा प्रमुख सिद्धांत है। यह एक ऐसा लक्ष्य है जिस पर वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सहमत हुए थे। अगर यह एक तरीके से हासिल नहीं होता है, तो इसे दूसरे तरीके से हासिल किया जाएगा।
