
राजगढ़। कालीपीठ थाना क्षेत्र के लेहरची गांव में मंगलवार को लकड़बग्घे ने तीन लोगों पर हमला कर दिया. हमले में 80 वर्षीय महिला एवं 18 वर्षीय युवती और एक ग्रामीण घायल हुआ है. तीनों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.
लकड़बग्घे ने सबसे पहले घर में मौजूद 80 वर्षीय सरदार बाई पर हमला किया. उन्होंने लकड़बग्घे को कुत्ता समझकर भगाने की कोशिश की. इसी दौरान उसने उनके चेहरे पर हमला कर दिया. उनके गाल के पास गंभीर चोट आई. जबड़े में करीब 12 टांके लगाए गए.
इसके बाद 18 वर्षीय शिवानी प्रजापति पर लकड़बग्घे ने हमला किया. शिवानी ने बताया कि वह गांव में लकड़बग्घा आने की जानकारी अपनी मां को देने के लिए कुएं की ओर जा रही थी. तभी लकड़बग्घा ने उस पर हमला कर दिया. शिवानी जमीन पर गिर गई. दोनों हाथों से लकड़बग्घे को धक्का देकर खुद को बचाने की कोशिश की. इस दौरान उसके दोनों हाथों में दांत लगे. पेट पर पंजा लगा. शोर मचाने पर लकड़बग्घा वहां से भाग गया.
जंगल में ग्रामीण पर भी हमला
कालीपीठ के जंगल में बद्रीलाल दांगी पर भी लकड़बग्घे ने हमला किया. उनके गाल के पास चोट आई. उन्हें भी जिला अस्पताल लाया गया, जहां तीनों घायलों का उपचार किया जा रहा है.
दो दिन पहले लकड़बग्घे को कुएं से निकाला था
ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले लेहरची गांव के एक कुएं में लकड़बग्घा गिर गया था. वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जाल की मदद से उसे बाहर निकाला था. फिर उसे वहीं छोड़ दिया था. तीन लोगों पर हमले के बाद ग्रामीणों को आशंका है कि कुएं से निकाला गया लकड़बग्घा ने ही इस घटनाओं को अंजाम दिया है.
