
देवास। जिले की नेमावर नगर परिषद के उपाध्यक्ष और भाजपा नेता राजपाल सिंह तोमर के बेटे भानु प्रताप तोमर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक शादी समारोह के दौरान 12 बोर की बंदूक से हर्ष फायरिंग कर रहे है।
इस वायरल वीडियो ने जिले में कानून व्यवस्था और प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि लगभग एक महीने पहले ही देवास जिला कलेक्टर ने एक सख्त प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया था, जिसमें स्पष्ट रूप से लिखा गया था कि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति के सार्वजनिक स्थान पर किसी भी प्रकार के हथियार का प्रदर्शन या उपयोग नहीं कर सकता। इसके बावजूद भानु प्रताप ने खुलेआम न सिर्फ कानून का उल्लंघन किया, बल्कि कलेक्टर के आदेशों की भी धज्जियां उड़ा दीं।
वायरल वीडियो में भानु प्रताप तोमर एक शादी समारोह में मौजूद लोगों के बीच बेखौफ होकर फायरिंग करता दिखाई देता है। पास ही खड़े लोग यह सब चुपचाप देखते रहते हैं और कोई रोकने की कोशिश नहीं करता। इस घटना के बाद लोगों में चर्चा है कि क्या प्रशासन सिर्फ आम जनता पर ही सख्ती दिखाता है? क्या रसूखदारों के लिए कानून अलग होता है? क्या भाजपा नेता के बेटे पर कार्रवाई होगी या यह मामला भी रसूख और राजनीतिक दबाव के कारण दबा दिया जाएगा?
अब सबकी नजरें जिला प्रशासन और पुलिस पर टिकी हैं कि क्या इस वायरल वीडियो के आधार पर भानु प्रताप के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई की जाएगी, या फिर यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
