केंद्रीय जेल की गौशाला से भाग निकला बंदी

सतना, ऐसा बंदी जिसकी सजा पूरी होने में महज चंद महीने ही बचे हों और पिछले 4 वर्ष से उसे बाहर कमान के लिए गौशाला भेजा जा रहा हो, वह भला जेल से भागकर स्वयं अपने पैरों पर कुल्हाड़ी क्यों मारना चाहेगा. यह प्रश्र फिलहाल जेल प्रशासन के लिए एक पहेली बना हुआ है. वहीं बंदी के फरार हो जाने की शिकायत मिलने के बाद कोलगवां पुलिस द्वारा उसकी खोजबीन शुरु कर दी गई है.

अधीक्षक केंद्रीय जेल सतना श्रीमती लीना कोष्टा से प्राप्त जानकारी के अनुसार बंदी अच्छेलाल प्रजापति उम्र 52 वर्ष निवासी पडक्का नादनटोला अमरपाटन हर रोज की तरह मंगलवार की सुबह गौशाला कमान में गया था. वहां पर कुछ देर तक कार्य करने के बाद बंदी ने 11 से 12 बजे के बीच गौशाला प्रहरी से शौचालय जाने की इजाजत मांगी. जिसके मिलने पर वह मंदिर के निकट बने शौचालय की ओर चला गया. लेकिन 20 मिनट बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटा तो प्रहरियों द्वारा उसकी तलाश शुरु की गई. शौचालय सहित आस पास के सभी संभावित स्थलों पर खोजबीन करने के बावजूद बंदी का कोई पता नहीं चला. जिसे देखते हुए घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई. इसी कड़ी में बंदी के फरार हो जाने के मामले में प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए गए कर्मचारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरु कर दी गई. वहीं दूसरी ओर जेल प्रशासन द्वारा बंदी के फरार हो जाने की शिकायत कोलगवां थाने में दर्ज करा दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमों को अलग अलग दिशाओं में रवाना कर दिया गया है.

काट चुका था 13 वर्ष 3 माह की सजा

पत्नी की हत्या के आरोप में बंदी अच्छेलाल को अपर सत्र न्यायाधीश अमरपाटन के न्यायालय द्वारा 14 अक्टूबर 2014 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. इस लिहाज से वह 13 वर्ष 3 महीने की सजा काट चुका था और चंद महीने बाद उसकी रिहाई होने वाली थी. बंदी पिछले 5 वर्ष से अस्थायी मुक्ति अवकाश पर भी जा रहा था और इस दौरान वह 15 बार अस्थायी मुक्ति अवकाश का लाभ ले चुका था. वहीं बंदी के चाल चलन को देखते हुए जेल मुख्यालय के आदेश पर पिछले 4 वर्ष से बंदी को बाहरी कमान के लिए गौशाला कमान में भेजा जा रहा था. ऐसे में बंदी का अचानक फरार हो जाना सभी की समझ से परे बना हुआ है.

Next Post

बागेश्वर धाम में नाबालिग के साथ किसने किया दुष्कर्म 

Tue Oct 6 , 2026
जबलपुर। बागेश्वर धाम के नाबालिग के साथ बलात्कार करने वाले का पता लगाने के लिए हाईकोर्ट जस्टिस अजय कुमार निरंकारी ने छतरपुर पुलिस अधीक्षक को निर्देश जारी किये हैं। नाबालिग के साथ बलात्कार कर गर्भवती करने के आरोप में जेल में निरुद्ध राजू जाटव की तरफ से हाईकोर्ट में जमानत […]

You May Like