रायपुर, 06 जून (वार्ता) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बॉम्बे मार्केट स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के जोनल कार्यालय में शनिवार सुबह आग लगने की घटना ने कर्मचारियों में हड़कंप मचा दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, बैंक दफ्तर से उठते धुएं को देखते हुए आसपास की दुकानों को भी एहतियातन खाली कराया गया। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम और रायपुर नगर निगम के पानी टैंकर मौके पर जुटे हुए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। हालांकि, शुरुआती अंदाज के अनुसार शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह बताया जा रहा है। दमकल टीम आग पर काबू पाने के प्रयास में लगी हुई है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
