आंदोलन खत्म कर बातचीत के लिए आगे आए पीटीआई : शहबाज शरीफ

इस्लामाबाद, 06 अक्टूबर (वार्ता) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) से आंदोलन और लंबे मार्च की राजनीति छोड़कर बातचीत के लिए आगे आने का आह्वान किया है। उन्होंने चेतावनी दी कि लगातार विरोध-प्रदर्शनों से देश की आर्थिक वृद्धि और अंतरराष्ट्रीय छवि को गंभीर नुकसान पहुंच सकता है।

श्री शरीफ ने इस्लामाबाद-रावलपिंडी के बीच यातायात सुगम बनाने के लिए बनाये जा रहे कश्मीर चौक अंडरपास के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “मैं अब भी उनसे कहता हूं कि होश में आएं। अपने लंबे मार्च और धरने समाप्त करें। एक बार इन्हें समाप्त करने के बाद हम निश्चित रूप से आपके साथ बैठकर बातचीत करेंगे, ताकि पाकिस्तान आपसी मेहनत, ईमानदारी और निष्ठा के साथ आगे बढ़ सके। यही राष्ट्र की इच्छा और हर पाकिस्तानी की आवाज है।”

समारोह में गृह मंत्री मोहसिन नकवी, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अत्ताउल्लाह तरार, संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी, गृह राज्य मंत्री तलाल चौधरी और राजधानी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष सोहेल अशरफ समेत कई सांसद और अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

श्री शरीफ ने कहा कि सरकार के गंभीर प्रयासों के बावजूद पीटीआई ने एक बार फिर धरने और लंबे मार्च की राजनीति शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के प्रतिनिधियों वाली संयुक्त समिति ने विपक्ष के साथ बातचीत की थी, लेकिन अंतिम मसौदा तैयार होने के बाद पीटीआई की ओर से आखिरी समय में बदलाव की मांग के कारण प्रक्रिया रुक गयी।

उन्होंने कहा कि धरने और लंबे मार्च की राजनीति का सीधा असर अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा तथा निर्यात, विनिर्माण और आयात प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई मजदूर या इंजीनियर समय पर कारखाने या कार्यालय नहीं पहुंच पाता है तो इसका नुकसान पूरे देश को होगा।

श्री शरीफ ने कहा कि सरकार ने व्यापक आर्थिक स्थिरता बहाल की है और सामूहिक प्रयासों से आर्थिक वृद्धि की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि निर्यात, प्रेषण और औद्योगिक उत्पादन में वृद्धि जैसे संकेतक सकारात्मक हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इन उपलब्धियों को नुकसान पहुंचाना राज्य के हितों के विरुद्ध होगा।

उन्होंने कहा, “हम ऐसा नहीं होने देंगे। कानून अपना काम करेगा। लोगों के जीवन और संपत्ति की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी है और हम हर संभव तरीके से इसे सुनिश्चित करेंगे।”

श्री शरीफ ने श्री नकवी और उनकी टीम की कश्मीर चौक परियोजना को एक महीने में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित करने के लिए सराहना की। परियोजना की पीसी लागत 1.6 अरब पाकिस्तानी रुपये थी, जबकि इसका ठेका 1.4 अरब रुपये में दिया गया है। इसमें चार स्लिप रोड बनाये जायेंगे। इस चौराहे से वर्तमान में करीब 1.07 लाख वाहन गुजरते हैं और व्यस्त समय, विशेषकर वीआईपी आवागमन के दौरान, यातायात जाम की समस्या रहती है।

Next Post

शुगर मिल में 60 फीट की ऊंचाई से गिरा श्रमिक, मौत 

Tue Oct 6 , 2026
नरसिंहपुर। गाडरवारा मडगुला गांव स्थित विंध्यवासिनी शुगर मिल में मंगलवार सुबह चीख पुकार व अफरातफरी मच गई जब मरम्मत कार्य के दौरान मजदूर पुष्पेन्द्र वर्मा 60 फीट की ऊंचाई से गिर गया, हादसे में पुष्पेन्द्र के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया […]

You May Like