नयी दिल्ली, 04 जुलाई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि ‘जनसेवा सदन’ दिल्ली के प्रत्येक नागरिक की चिंता, आशा, सुझाव और समाधान का केंद्र बनेगा।
श्रीमती रेखा गुप्ता ने आज ‘मुख्यमंत्री जनसेवा सदन’ का उद्घाटन के बाद कहा “यह सदन दिल्ली के प्रत्येक नागरिक की चिंता, आशा, सुझाव औरसमाधान का केंद्र बनेगा। यह नया भवन जन-भागीदारी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की उसपरंपरा का विस्तार है, जिसकी नींव जनता के विश्वास पर टिकी है। हम इस ‘सदन’ को सेवा, समाधान और समर्पण काप्रतीक बनाएंगे, जहां हर शिकायत को समाधान मिले, हर आवाज़ को उत्तर मिले और हर नागरिक को पूरा सम्मान मिले।”
उन्होंने बताया कि यह सदन दिल्ली सरकार द्वारा जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करने, जनसुनवाई को संस्थागत रूप देने और समस्याओं के शीघ्र समाधान को सुनिश्चित करने केउद्देश्य से स्थापित किया गया है। इसमें प्रतिदिन निर्धारित समयावधि के अंतर्गत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे और जनता के साथ सीधा संवाद कर संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। शिकायतों का डिजिटल पंजीकरण, समाधान की समय-सीमा तय करना, फॉलो-अप व्यवस्था और समाधान की गुणवत्ता पर निगरानी—यह सभी पहलू इस जनसेवा सदन की कार्यप्रणाली में समाहित किए गए हैं।
उन्होंने कहा, “पिछली सरकारों के समय जनता और सरकार के बीच संवाद की कमी थी। हमारी सरकार यह भरोसा दिलाना चाहती है कि जनता की आवाज़ सीधे सरकार तक पहुंचे और हर समस्या को त्वरित गति से समाधान मिले। अब किसी भी दिल्लीवासी को अपनी समस्या लेकर भटकने की ज़रूरत नहीं है। मुख्यमंत्री जनसेवा सदन उनके लिए खुला है। यह लोकतंत्र को ज़मीनी स्तर पर सशक्त करने का प्रयास है।”
