उज्जैन: सामाजिक, सांस्कृतिक और स्वास्थ्य चेतना को बढ़ावा देने वाला राहगीरी आयोजन अब 25 जनवरी को आयोजित होगा. जिला प्रशासन और नगर निगम द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में हैं. आयोजन कालिदास अकादमी चौराहे से कोठी पैलेस तक होगा, जहां सभी आयु वर्ग के लोग सहभागिता करेंगे. इस वर्ष राहगीरी में सिंहस्थ 2028 के तहत चल रहे निर्माण और विकास कार्यों की झलक भी एलईडी के माध्यम से दिखाई जाएगी.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी आयोजन में शामिल होंगे, जिनके स्वागत के लिए विभिन्न मंच सजाए जा रहे हैं. राहगीरी में गुल्ली-डंडा, सितोलिया, अंटी जैसे पारंपरिक खेलों के साथ योग, प्राणायाम और ध्यान को मंच मिलेगा. दीवारों पर चित्रकला, सौंदर्यीकरण और पेवर ब्लॉक लगाने का कार्य किया जा रहा है. आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हुए शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है.
