इंदौर: चाइनीज मांझे से हुई दो मौतों के बाद इंदौर पुलिस ने पूरे जिले में एकसाथ सख्त अभियान शुरू किया है. चारों जोन में डीसीपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस सड़कों, बाजारों, मैदानों और ब्रिजों पर उतरी. साफ चेतावनी दी गई कि चाइनीज मांझे का उपयोग, बिक्री या भंडारण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगा.
अभियान के तहत दुकानों की जांच, खुले मैदानों से पुराने मांझे को नष्ट करना, चेतावनी पोस्टर-बैनर, पीए सिस्टम से अनाउंसमेंट और ड्रोन निगरानी की गई. बच्चों-युवाओं को शपथ दिलाकर जागरूक किया गया, वहीं ब्रिजों पर सेफ्टी वायर लगाए गए. दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सतर्कता की समझाइश दी गई.पुलिस ने स्पष्ट किया कि कार्रवाई जारी रहेगी. चाइनीज मांझा बेचने के मामलों में तीन आरोपियों को जिलाबदर किया गया, जबकि कई अन्य पर थाना हाजिरी की कार्रवाई हुई है.
