खैजरा अटारी में सनसनीखेज डकैती: पूर्व सरपंच दंपति से मारपीट कर 30 तोला सोना और ढाई लाख नकद लूटे

अशोकनगर। शाढ़ौरा थाना क्षेत्र के खैजरा अटारी गांव में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात नकाबपोश बदमाशों ने पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह यादव के घर धावा बोलकर सनसनीखेज डकैती की वारदात को अंजाम दिया। करीब आधा दर्जन बदमाशों ने दंपति को बेरहमी से पीटा, उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, ताकि वे आवाज न निकाल सकें। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखे लगभग 30 तोला सोने के जेवर, ढाई लाख रुपये नकद और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया।

हमले में पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, उनका चेहरा लहूलुहान हो गया। बदमाशों के फरार होने के बाद दंपति ने किसी तरह खुद को मुक्त कर ग्रामीणों और डायल 112 को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 1:30 बजे की है। पांच से छह नकाबपोश बदमाश छत के रास्ते घर में घुसे और बरामदे में सो रहे महेंद्र सिंह यादव व उनकी पत्नी पर हमला कर दिया। इसके बाद उन्होंने पूरे घर को खंगाल डाला।

पूर्व सरपंच ने बताया कि उन्होंने दीपावली पूजन के लिए बैंक से नकद रकम निकाली थी। बदमाशों ने नकदी और सोने-चांदी के जेवरों के साथ घी, इंडक्शन सहित अन्य घरेलू सामान भी लूट लिया।

घटना की सूचना मिलते ही शाढ़ौरा थाना प्रभारी सुनील सिकरवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

गांव में हुई इस बड़ी डकैती से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

Next Post

दलित-आदिवासी और अल्पसंख्यकों के वोट हटाने की साजिश रच रही भाजपा और चुनाव आयोग: सज्जन

Tue Nov 4 , 2025
भोपाल: पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने मध्यप्रदेश में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि यह चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मिलीभगत से रचा गया षड्यंत्र है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया का […]

You May Like