
नरसिंहपुर। गाडरवारा मडगुला गांव स्थित विंध्यवासिनी शुगर मिल में मंगलवार सुबह चीख पुकार व अफरातफरी मच गई जब मरम्मत कार्य के दौरान मजदूर पुष्पेन्द्र वर्मा 60 फीट की ऊंचाई से गिर गया, हादसे में पुष्पेन्द्र के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई।
बताया गया है कि आमगांव छोटा निवासी 32 वर्षीय पुष्पेंद्र वर्मा मिल में मरम्मत कार्य कर रहा था। इसी दौरान वह अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गया। पुष्पेन्द्र को गिरते देख मिल में काम कर रहे अन्य कर्मचारियों में चीख पुकार व अफरातफरी मच गई। लोगों ने खून से लथपथ पुष्पेन्द्र को गाडरवारा सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद पुष्पेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही परिजन पहुंच गए, जिन्होने आरोप लगाया कि मिल में मजदूरों से पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के बिना ऊंचाई पर काम कराया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो हादसा टल सकता था। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया, इस बीच मिल प्रबंधन के साथ बातचीत के बाद परिजन शांत हुए।
