देहरादून: उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को सड़क सुरक्षा पर आधारित पुस्तक भारत में सड़क दुर्घटनाएँ भेंट की गई। यह पुस्तक पद्मश्री सम्मानित वरिष्ठ आर्थोपेडिक सर्जन एवं एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) बी. के. एस. संजय तथा उनके पुत्र सह-लेखक डॉ. गौरव संजय द्वारा संयुक्त रूप से लिखी गई है। 11 फरवरी को लोक भवन, देहरादून में हुई इस भेंट को देश में सड़क सुरक्षा जागरूकता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
पुस्तक में भारत में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता, उनके कारण, दुष्परिणाम और रोकथाम की रणनीतियों का विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया है। लेखकों ने अपने वर्षों के चिकित्सकीय अनुभव के आधार पर दुर्घटना पीड़ितों के शारीरिक ही नहीं, बल्कि मानसिक, सामाजिक और आर्थिक प्रभावों को भी रेखांकित किया है। साथ ही स्वास्थ्य व्यवस्था और ट्रॉमा केयर सिस्टम पर पड़ने वाले बोझ का भी उल्लेख किया गया है।
पुस्तक में यातायात नियमों के कड़े पालन, बेहतर सड़क अवसंरचना, सुदृढ़ ट्रॉमा केयर, जनजागरूकता अभियान तथा स्कूल पाठ्यक्रम में सड़क सुरक्षा शिक्षा को शामिल करने पर जोर दिया गया है। इस अवसर पर प्रो. संजय ने सुझाव दिया कि देशभर के एम्स संस्थान अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए नोडल एजेंसी की भूमिका निभा सकते हैं। राज्यपाल ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे सुरक्षित सड़क संस्कृति के निर्माण की दिशा में समयोचित प्रयास बताया।
