इंदौर:देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए समर शेड्यूल में राहत कम और परेशानी ज्यादा नजर आ रही है. अप्रैल से नासिक और उदयपुर के लिए चल रही सीधी फ्लाइट्स बंद होने जा रही हैं, जबकि इसके बदले केवल दो नए शहरों से हवाई कनेक्टिविटी जुड़ने की संभावना बनी है.एयरलाइंस की बुकिंग वेबसाइट्स पर मार्च के अंतिम सप्ताह के बाद नासिक और उदयपुर के लिए कोई सीधी उड़ान उपलब्ध नहीं दिखाई दे रही है.
वर्तमान में नासिक के लिए सप्ताह में तीन दिन और उदयपुर के लिए चार दिन उड़ानें संचालित हो रही थीं, लेकिन समर शेड्यूल में इन रूट्स को हटाया जा चुका है. डीजीसीए द्वारा जारी प्रस्तावित शेड्यूल में भी इन शहरों का नाम शामिल नहीं है. ट्रेवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया के प्रदेश अध्यक्ष अमोल कटारिया का कहना है कि गर्मी के मौसम में पर्यटन स्थलों की मांग घटने के चलते एयरलाइंस अक्सर इन रूट्स पर उड़ानें रोक देती हैं और सर्दियों में दोबारा शुरू करती हैं.
इंदौर से इससे पहले भी कई शहरों के लिए शुरू हुई सीधी सेवाएं बंद हो चुकी हैं. वाराणसी, प्रयागराज, शिर्डी, जोधपुर, राजकोट के साथ आरसीएस योजना के तहत शुरू हुई बेलागावी और किशनगढ़ की उड़ानें भी अब संचालित नहीं हो रही हैं. गाजियाबाद रूट भी फिलहाल ठप पड़ा है. हालांकि अप्रैल से एयरपोर्ट के 24 घंटे संचालन शुरू होने से स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है. अभी रात में रनवे बंद रहने के कारण उड़ानों की संख्या सीमित है.
पूरे समय संचालन होने पर नए स्लॉट मिलने और नए रूट शुरू होने की संभावना बढ़ेगी. इसी बीच फ्लाई 91 एयरलाइंस इंदौर से जलगांव और हैदराबाद के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने की तैयारी में है. वहीं एयरपोर्ट डायरेक्टर सुनील मग्गीरवार का कहना है कि कंपनी ने इन रूट्स की घोषणा अपनी वेबसाइट पर कर दी है और मार्च मध्य या अप्रैल से संचालन शुरू हो सकता है. जलगांव के लिए पहली बार इंदौर से हवाई सेवा शुरू होगी, जिससे महाराष्ट्र के लिए एक नया कनेक्शन मिलेगा. वहीं हैदराबाद रूट पर यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा. एक ओर जहां समर शेड्यूल में कुछ रूट बंद होने से यात्रियों को झटका लगा है, वहीं नई उड़ानों से सीमित राहत मिलने की उम्मीद की जा रही है.
