इंदौर: सड़क दुर्घटनाओं पर रोक और यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से जोन-03 क्षेत्र में ऑटो और बस चालकों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया. अभियान के दौरान ब्रेथ एनालाइजर और हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से चालकों की जांच की गई, जिसमें एक ऑटो चालक नशे की हालत में पकड़ा.पुलिस उपायुक्त जोन-03 के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के मार्गदर्शन और एसीपी संयोगितागंज तथा थाना प्रभारी छोटी ग्वालटोली के नेतृत्व में थाना छोटी ग्वालटोली क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया.
रेलवे स्टेशन क्षेत्र, सरवटे बस स्टैंड, यशवंत टी चौराहा, प्रमुख ऑटो स्टॉप और मुख्य मार्गों पर ऑटो एवं बस चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से शराब सेवन की जांच की गई, वहीं सुरक्षा के मद्देनजर एचएचएमडी से भी तलाशी ली गई. इसके साथ ही वाहनों के दस्तावेजों की भी जांच की गई. अभियान के दौरान एक ऑटो चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया, जिसे मौके से थाने लाकर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा के तहत कार्रवाई की गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि नशे में वाहन चलाने जैसी लापरवाही पर प्रभावी रोक लगाई जा सके. साथ ही आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित सड़क व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की गई है
