इंदौर: धार रोड पर ग्राम माचल के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए. हादसा सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब एक दूध से भरा वाहन अचानक टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गया और सड़क किनारे खड़े तीन लोगों को चपेट में ले लिया, घटना में घालय अजय की मौत की खबर बुधवार को सुबह पता चली.
हादसे में गंभीर रूप से घायल 35 वर्षीय अजय पिता तेजराम, निवासी राजपुरा को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. वहीं अन्य दो घायलों का इलाज निजी अस्पताल में जारी है.
जिला अस्पताल सूत्रों के अनुसार मृतक और अन्य दोनों युवक रोज की तरह काम पर जाने के लिए बस पकड़ने सड़क किनारे खड़े थे. तभी तेज रफ्तार में आ रहा दूध वाहन का टायर फटा और वह असंतुलित होकर सीधे लोगों पर पलट गया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना पर पहुंची बेटमा थाना पुलिस ने राहत कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामला जांच में लिया है.
