चिड़ियाघर के फील्ड स्टाफ को मिली विशेष यूनिफॉर्म और सुरक्षा जूते

इंदौर: कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में वन्यजीवों और पशु-पक्षियों की देखभाल में प्रत्यक्ष रूप से जुटे फील्ड स्टाफ की सुरक्षा और कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए विशेष फील्ड यूनिफॉर्म और सुरक्षा जूते वितरित किए गए। यह सामग्री सम्यक कंप्यूटर प्राइवेट लिमिटेड के संचालक अर्पित कंधारी की ओर से उपलब्ध कराई गई.
फील्ड स्टाफ को दो-दो यूनिफॉर्म सेट और गुणवत्तापूर्ण वर्किंग फुटवियर प्रदान किए गए. पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को वन्यजीवों के साथ काम करने के दौरान आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ कार्यस्थल पर उनकी सहज पहचान सुनिश्चित करना है.

इससे चिड़ियाघर में आने वाले पर्यटकों को भी फील्ड स्टाफ की पहचान करने में सुविधा होगी और आवश्यकता पड़ने पर वे उनसे मार्गदर्शन एवं सहायता प्राप्त कर सकेंगे. चिड़ियाघर के फील्ड कर्मचारियों को प्रतिदिन विभिन्न वन्यजीवों एवं पशु-पक्षियों की देखभाल, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए उनके बाड़ों और परिसर में जाना पड़ता है. ऐसे कार्यों के दौरान उपयुक्त यूनिफॉर्म और सुरक्षा जूतों का उपयोग कर्मचारियों की सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण है. इस अवसर पर सम्यक कंप्यूटर प्राइवेट लिमिटेड के संचालक अर्पित कंधारी ने बताया कि उनकी संस्था पिछले 26 वर्षों से आईटी क्षेत्र में कंप्यूटर हार्डवेयर सप्लाई से जुड़ी है. उन्होंने बताया कि ‘समाधान’ नाम से इलेक्ट्रॉनिक रिसाइक्लिंग स्टार्टअप के माध्यम से इस क्षेत्र में काम किया जा रहा है.

पेशेवर दृष्टिकोण होता है मजूबत
चिड़ियाघर प्रभारी डॉ उत्तम यादव ने बताया कि शहर में पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में सहयोग करने की पहल के तहत चिड़ियाघर के फील्ड स्टाफ के लिए यूनिफॉर्म और सुरक्षा जूते उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे चिड़ियाघर प्रबंधन ने स्वीकार किया. चिड़ियाघर प्रभारी के अनुसार, इस प्रकार के सहयोग से कर्मचारियों की सुरक्षा, सुविधा और कार्य के प्रति पेशेवर दृष्टिकोण को और मजबूत करने में सहायता मिलती है

Next Post

शराब पीकर बस चला रहा था चालक, यातायात पुलिस ने पकड़ा

Mon Sep 28 , 2026
दमोह: जिले में यातायात व्यवस्था को लेकर यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। रविवार-सोमवार की देर रात दमोह बस स्टैंड पर यातायात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की।सागर से दमोह होते हुए जबलपुर जा रही राधा ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 15 PA 1554 को जांच के लिए रोका […]

You May Like