
लायसेंसी पिस्टल और पैसे लूटकर भागे बदमाश
नवभारत न्यूज
रीवा, 11 जनवरी, समान थाना अन्तर्गत रतहरा बाईपास में शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे रिटायर्ड फौजी की मोटर साइकल में ठोकर मार कर आधा दर्जन की संख्या में पहुंचे बदमाशो ने लूट की वारदात को अंजाम दिया. लायसेंसी पिस्टल सहित पैसे लूटकर फरार हो गये. घायल रिटायर्ड फौजी को संजय गांधी अस्पताल में उपचार के लिये भर्ती कराया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक रायपुर कर्चुलियान थाना अन्तर्गत महसुआ निवासी रिटायर्ड फौजी राजवेन्द्र तिवारी अपनी मोटर साइकल में सवार होकर शहर पत्नी-बच्चो से मिलने आ रहे थे. जैसे ही वह रतहरा बाईपास के पास पहुंचे तभी पीछे से स्कार्पियो एवं बुलेट गाड़ी में सवार बदमाशो ने मोटर साइकल में ठोकर मार दी. जैसे ही रिटायर्ड फौजी गिरे तभी बदमाशो ने उनकी लायसेंसी पिस्टल और पर्स लूट कर फरार हो गये. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद सनाका खिच गया. घायल को उपचार के लिये संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पीडि़त ने बताया कि उनकी गाड़ी में ठोकर मारने के बाद जब वह गिर गए तब उनके साथ लूट की गई. आधा दर्जन से अधिक संख्या में बदमाश थे. पीडि़त के बयान के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि असल में मामला क्या है.
