हार्टफुलनेस के साथ मध्य प्रदेश पुलिस का तनाव मुक्ति अभियान, दाजी ने सिखाए ध्यान के गुर

भोपाल। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा के मार्गदर्शन में पुलिस कर्मियों में मानसिक संतुलन, आंतरिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भोपाल स्थित पुलिस अधिकारी मेस में विशेष योग और ध्यान सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का संचालन विश्वविख्यात आध्यात्मिक मार्गदर्शक कमलेश पटेल द्वारा किया गया, जो हार्टफुलनेस संस्थान से जुड़े हैं।

इस अवसर पर मकवाणा ने कहा कि यह पहल मानसिक शांति और संतुलित जीवन शैली को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि फरवरी दो हजार पच्चीस में संस्थान के साथ हुए समझौते के बाद प्रदेश की पुलिस इकाइयों में ध्यान और योग गतिविधियों को व्यापक रूप से लागू किया गया है। पुलिस की चौबीस घंटे की तनावपूर्ण ड्यूटी को देखते हुए यह पहल तनाव कम करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है।

उन्होंने बताया कि विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर प्रदेश के लगभग दो हजार आठ सौ स्थानों पर पचास हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की सहभागिता एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही। इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं, जिनमें ऊर्जा स्तर में वृद्धि, व्यवहार में सुधार, पारिवारिक संबंधों में मजबूती और तनाव में कमी शामिल हैं। कई कर्मियों ने नकारात्मक आदतों, विशेष रूप से नशे से दूरी बनाने के प्रयास भी किए हैं।

दाजी ने बताया कि हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति में सूक्ष्म ऊर्जा के माध्यम से चेतना के विकास पर बल दिया जाता है तथा “शुद्धिकरण” प्रक्रिया के जरिए मानसिक बोझ और नकारात्मक प्रभावों को दूर किया जाता है। उन्होंने कहा कि नियमित ध्यान से एकाग्रता, आत्मनियंत्रण और निर्णय क्षमता में वृद्धि होती है, जो पुलिस कार्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक रुचिवर्धन मिश्रा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

पहचान छुपाकर शहर में ही घूम रहा था जिला बदर बदमाश, पुलिस ने दबोचा

Fri Mar 20 , 2026
भोपाल। जिला बदर आदेश का उल्लघंन करने वाले आरोपी को थाना तलैया पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया. आरोपी पिछले तीन महीने से अपनी पहचान छुपाकर इलाके में रह रहा था. पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी जिला बदर का आरोपी सेन्ट्रल लायब्रेरी ग्राउंड के पास घूम रहा है. पुलिस […]

You May Like