नयी दिल्ली, 07 मार्च (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को कहा कि राजधानी में दिल्ली मेट्रो के निरंतर विस्तार से शहर की परिवहन व्यवस्था एक नए चरण में प्रवेश कर रही है।
श्रीमती गुप्ता ने आज कहा कि आठ मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जिन मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा, वह दिल्ली को तेज, सुगम और पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली की दिशा में महत्वपूर्ण बढ़त देंगी। इन परियोजनाओं से न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी, बल्कि सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव कम होगा और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री दो नए मेट्रो कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे, जिनमें मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर सेक्शन (पिंक लाइन) और दीपाली चौक से मजलिस पार्क सेक्शन (मैजेंटा लाइन) शामिल हैं। मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर कॉरिडोर के शुरू होने से पिंक लाइन की कुल लंबाई लगभग 71.56 किलोमीटर हो जाएगी और दिल्ली को देश की पहली पूर्ण रूप से संचालित ‘रिंग मेट्रो’ प्राप्त होगी। इससे राजधानी के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन अधिक तेज और सुविधाजनक हो जाएगा तथा उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक का कॉरिडोर मैजेंटा लाइन का विस्तार है और इसके शुरू होने से इस लाइन की कुल लंबाई लगभग 49 किलोमीटर हो जाएगी। इस कॉरिडोर के माध्यम से कई आवासीय और व्यावसायिक क्षेत्रों को मेट्रो नेटवर्क से बेहतर तरीके से जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रियों को निर्बाध और समयबद्ध यात्रा की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेट्रो के फेज-V (ए) के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर के निर्माण का शिलान्यास भी करेंगे। इनमें रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर, एरोसिटी से इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक का कॉरिडोर और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक का कॉरिडोर शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली के प्रशासनिक, वाणिज्यिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी और बेहतर होगी तथा एयरपोर्ट तक मेट्रो की सीधी और तेज पहुंच सुनिश्चित होगी।
श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इन परियोजनाओं से दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। फरीदाबाद और बल्लभगढ़ के निवासी वायलेट लाइन के माध्यम से तुगलकाबाद पहुंचकर गोल्डन लाइन से सीधे इंदिरा गांधी एयरपोर्ट टर्मिनल-1 तक यात्रा कर सकेंगे। वहीं नोएडा के यात्री मैजेंटा लाइन से कालिंदी कुंज पहुंचकर गोल्डन लाइन के माध्यम से एयरपोर्ट और दक्षिण दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों तक आसानी से पहुंच सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री देश में आधुनिक और एकीकृत परिवहन व्यवस्था विकसित करने पर लगातार जोर देते रहे हैं। उनका लक्ष्य ऐसा सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क विकसित करना है जो साझा, सुलभ, सुविधाजनक, जाम-मुक्त, स्वच्छ और अत्याधुनिक हो। उनके इसी विजन के अनुरूप दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का निरंतर विस्तार किया जा रहा है ताकि राजधानी को आधुनिक, कुशल और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन प्रणाली मिल सके और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को मजबूत आधार प्राप्त हो।
