महिलाएं दुनिया को चलाने वाली एक अहम ताकत हैं : स्टालिन

चेन्नई, 07 मार्च (वार्ता) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर महिलाओं को दुनिया को चलाने वाली एक अहम ताकत बताया।

अपने संदेश में श्री स्टालिन ने समाज सुधारक पेरियार ई वी रामास्वामी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने ही यह सवाल उठाकर जागरूकता पैदा की थी कि ‘महिलाएं गुलाम क्यों बनीं’? उन्होंने कहा कि उन्हीं के सिद्धांतों पर चलते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि ने महिलाओं को संपत्ति में समान अधिकार देने वाला कानून बनाया और सरकारी नौकरियों में उनके लिए आरक्षण सुनिश्चित किया।

द्रमुक प्रमुख ने कहा कि महिला अधिकारों के ऐसे संरक्षकों की दिखायी राह पर चलते हुए उनकी द्रविड़ मॉडल सरकार महिलाओं की उन्नति के लिए समर्पित प्रशासन चला रही है। उन्होंने अपनी सरकार की शुरू की गयी विभिन्न महिला सशक्तिकरण योजनाओं का विवरण भी दिया। इन योजनाओं में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा वाली ‘विदियाल पयनम’ योजना और महिलाओं के सामाजिक योगदान को सम्मान देने वाली ‘कलैग्नार मगलिर उरिमाई थोगई’ योजना शामिल है, जिसके तहत महिला परिवार प्रमुखों को हर महीने 1000 रुपये दिये जाते हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए ‘पुधुमई पेन’ योजना और कामकाजी महिलाओं का बोझ कम करने वाली ‘मुख्यमंत्री जलपान योजना’ का भी उल्लेख किया। इसके अलावा उन्होंने सुरक्षित आवास के लिए ‘तोझी’ छात्रावास, निजी कारखानों में महिला आरक्षण और महिलाओं के नाम पर संपत्ति पंजीकरण शुल्क में कटौती जैसी पहलों को गिनाया।

श्री स्टालिन ने 14 वर्ष से कम उम्र की लड़कियों के लिए मुफ्त सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण और आदि द्रविड़ व आदिवासी महिलाओं के लिए ‘नन्निलम’ भूमि स्वामित्व योजना की भी चर्चा की। उन्होंने मंदिरों में महिला ओदुवारों की नियुक्ति के साथ ही विश्व बैंक के सहयोग से चल रहे ‘टीएन-वीसेफ’ परियोजना और ग्रामीण महिला उद्यमियों को बढ़ावा देने वाली ‘टीएनराइज’ पहल का भी विशेष रूप से जिक्र किया।

श्री स्टालिन ने कहा कि द्रविड़ मॉडल सरकार के तहत तमिलनाडु की महिलाएं अब अपनी कामयाबी की नयी इबारत लिख रही हैं।आगामी द्रविड़ मॉडल 2.0 सरकार पर उन्होंने कहा कि वह पहले ही केएमयूटी योजना के तहत मिलने वाली 1,000 रुपये की राशि को बढ़ाकर 2,000 रुपये करने का ऐलान कर चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उनकी सरकार ने तमिलनाडु की 1.31 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में तीन महीने का एडवांस और 2,000 रुपये की अतिरिक्त विशेष ग्रीष्मकालीन सहायता राशि भेज दी है, जिससे उन्हें बड़ी आर्थिक मदद मिली है।

उन्होंने आगे कहा कि अगले पांच वर्षों में हमारा लक्ष्य तमिलनाडु की सभी महिलाओं को सामाजिक रूप से स्वतंत्र बनाना है। इसके लिए उन्हें बेहतरीन शिक्षा, रोजगार के बेहतर मौके और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनकी सेहत का भी खास ख्याल रखा जायेगा।

श्री स्टालिन ने कहा कि साल 2030 तक तमिलनाडु की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर बनाने के मेरे सपने को पूरा करने में महिलाएं ही सबसे आगे रहकर नेतृत्व करेंगी।

द्रमुक के सहयोगी दलों और मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी है।

 

Next Post

अमेरिकी अधिकारियों की हत्या की साजिश: पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट दोषी करार

Sat Mar 7 , 2026
न्यूयॉर्क, 07 मार्च (वार्ता) एक पाकिस्तानी नागरिक को अमेरिकी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने के मामले में दोषी ठहराया गया है जिसके संबंध ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) से भी रहे हैं। करीब 47 वर्षीय आसिफ मर्चेंट नामक उस व्यक्ति पर 2024 में अमेरिका में शीर्ष राजनीतिक […]

You May Like

मनोरंजन