
सौंसर, जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी सिलसिले में विभाग की विशेष टीम ने तहसील सौंसर अंतर्गत विभिन्न संवेदनशील नदी क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर अवैध रेत परिवहन में लिप्त 3 बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए।
जानकारी के अनुसार, खनिज अमले ने ग्राम बिछुआ बग्गू स्थित सोबना नदी तट और लोधीखेड़ा क्षेत्र स्थित कन्हान नदी मार्ग पर आकस्मिक दबिश दी। इस दौरान रेत का अवैध उत्खनन कर परिवहन करते हुए 3 बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली रंगे हाथों पकड़े गए।
जांच दल ने खनिज नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को खनिज सहित मौके पर ही जब्त कर लिया। सुरक्षा और वैधानिक प्रक्रिया के तहत जब्त वाहनों को सौंसर एवं लोधीखेड़ा पुलिस थाना परिसर में शासकीय अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है।
*कलेक्टर न्यायालय भेजा जाएगा प्रकरण-*
सहायक खनिज अधिकारी महेश नागपुरे ने बताया कि अवैध रूप से खनिज के उत्खनन व परिवहन पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। नियमानुसार जुर्माना अधिरोपित कराने के उद्देश्य से आगे के निर्णयन हेतु मामला कलेक्टर न्यायालय पांढुर्णा के समक्ष पेश किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध खनन गतिविधियों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
