बंदूक की नोंक पर चालक को बंधक बनाकर लूट ले गए पार्सल ट्रक

सागर: गौरझामर थाना क्षेत्र में चार अज्ञात बदमाशों ने हथियारों के दम पर अमेजन पार्सल ट्रक को लूट लिया. आरोपियों ने ट्रक चालक को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की और मोबाइल छीन लिया. बदमाश खुद ट्रक चलाते रहे और कटर मशीन से कंटेनर की चद्दर काटकर माल दूसरे वाहन में शिफ्ट करते रहे.पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गौरझामर पुलिस ने आखिरकार 4 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.

वहीं कंपनी की टीम मौके पर पहुंचकर यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर कितना माल लूटा गया है. शिकायतकर्ता चालक दिलचन पटेल 39 वर्ष, निवासी खगड़िया (बिहार) ने पुलिस को बताया कि वह गुड़गांव की एसएस लॉजिस्टिक कंपनी में कार्यरत है. वह कंटेनर में अमेजन पार्सल भरकर नागपुर के लिए निकला था, ट्रक में जीपीएस और कैमरे लगे थे जिनकी निगरानी कंपनी कर रही थी.

घटना दिनांक को मध्य रात्रि में सिलारपुर गांव के पास अचानक आगे चल रहे ट्रक ने ब्रेक लगाया, जैसे ही दिलचन ने गाड़ी रोकी, चार नकाबपोश आरोपी बंदूक और हथियारों के साथ उसके ट्रक में घुस आए.वारदात के बाद चालक को बंधक बनाकर आरोपी नरसिंहपुर जिले के मुंगवानी क्षेत्र में ट्रक छोड़कर फरार हो गए. किसी तरह हाथ-पैर खोलकर चालक ने खुद को आजाद किया और पुलिस को सूचना दी. बताया जा रहा है कि कंटेनर में लाखों रुपये का अमेज़न का सामान भरा था. अनुमान है कि 50 लाख रुपये से अधिक का पार्सल लूटा गया होगा.थाना प्रभारी नसीर फारुखी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. वहीं कंपनी की टीम ने भी कंटेनर की गिनती शुरू कर दी है. असल में कितना सामान लूटा गया, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

Next Post

मां शारदा देवी मंदिर प्रांगण में लोकगायन और नृत्य नाटिका की आज से होंगी प्रस्तुतियाँ

Mon Sep 22 , 2025
सतना:संस्कृति विभाग म.प्र. शासन द्वारा शारदेय नवरात्रि के पावन अवसर पर “शक्ति पर्व” का आयोजन 22 सितंबर 2025 को सायं 6.30 बजे से मां शारदा देवी मंदिर मैहर के प्रांगण में किया जाएगा। इस प्रदेश स्तरीय महोत्सव में लोक-भक्ति गायन और आदि शक्ति को समर्पित नृत्य नाटिका के माध्यम से […]

You May Like