आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स से अलग हुए द्रविड़

आईपीएल 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स से अलग हुए द्रविड़

जयपुर, 30 अगस्त (वार्ता) आईपीएल 2026 से पहले राहुल द्रविड़ ने राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का साथ छोड़ दिया है।फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में टीम के पूर्व मुख्य कोच द्रविड़ का उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फ्रेंचाइजी ने उन्हें एक बड़ी भूमिका की पेशकश की थी जिसे द्रविड़ ने स्वीकार नहीं किया।

आरआर ने अपने बयान में कहा, “राहुल द्रविड़ का राजस्थान रॉयल्स के साथ एक लंबा और गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने टीम को कई सालों तक मार्गदर्शन दिया। उनके नेतृत्व में खिलाड़ियों की एक पूरी पीढ़ी को तैयार किया गया। उन्होंने टीम में मजबूत मूल्यों को स्थापित किया और फ्रेंचाइजी की संस्कृति पर एक अमिट छाप छोड़ी।

“फ्रेंचाइजी की संरचनात्मक समीक्षा के हिस्से के रूप में राहुल को फ्रेंचाइजी में एक व्यापक पद की पेशकश की गई थी, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं करने का फैसला किया। राजस्थान रॉयल्स, उसके खिलाड़ी और दुनिया भर के लाखों प्रशंसक उनकी उल्लेखनीय सेवा के लिए राहुल को दिल से धन्यवाद देते हैं।”

आईपीएल 2025 का सीजन राहुल द्रविड़ के लिए व्यक्तिगत रूप से भी काफी चुनौतीपूर्ण रहा था। उन्हें पैर में चोट लगी थी, जिसके कारण उन्हें काफी समय तक व्हीलचेयर पर रहना पड़ा, हालांकि वह टीम को कोचिंग देते रहे। इस सीजन द्रविड़ की कोचिंग में आरआर 14 में से सिर्फ चार ही मैच जीत पाई और नौवें स्थान पर रही।

बतौर खिलाड़ी द्रविड़ 2011 में आरआर के साथ जुड़े थे। 2014 और 2015 में बतौर मेंटॉर आरआर को अपनी सेवा देने से पहले द्रविड़ 2012 और 2013 में भी आरआर का बतौर खिलाड़ी हिस्सा रहे थे। आरआर का साथ छोड़ने के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और अब आरआर बिना मुख्य कोच के हैं। पिछले महीने चंद्रकांत पंडित केकेआर से अलग हो गए थे।

आरआर के पास इस समय कुमार संगकारा बतौर क्रिकेट निदेशक, विक्रम राठौर बल्लेबाजी कोच और शेन बॉन्ड गेंदबाजी कोच के रूप में मौजूद हैं। 2008 के बाद से ही आरआर ने कोई आईपीएल खिताब अपने नाम नहीं किया है। उनके दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आईपीएल 2022 में आया था जब गुजरात टाइटंस के हाथों उन्हें फाइनल में हार मिली थी।

Next Post

तियांजिन पहुंचे मोदी, एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे

Sat Aug 30 , 2025
तियांजिन/नयी दिल्ली 30 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चीन और जापान की चार दिन की यात्रा के दूसरे पड़ाव में शनिवार शाम चीन के शहर तियांजिन पहुंच गये जहां वह शंघाई सहयोग संगठन(एससीओ) के राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। तियांजिन पहुंचने पर श्री मोदी का हवाई अड्डे पर […]

You May Like