भोपाल। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख परियोजनाओं की नियमित निगरानी और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के लिए डीएम प्रगति पोर्टल शुरू करने की जानकारी दी गई. इस पोर्टल के माध्यम से मेट्रो, एमएसएमई सहित जिले की बड़ी अधोसंरचना एवं अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति की सतत समीक्षा की जाएगी. सभी संबंधित विभागों को अलग-अलग लॉगिन आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाएंगे तथा कलेक्टर स्वयं परियोजनाओं की प्रगति और समय-सीमा की निगरानी करेंगे.
बैठक में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए गए. साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने पर जिले में तिरंगा रैली आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए. ग्रामीण क्षेत्रों के लिए जिला पंचायत के सीईओ और शहरी क्षेत्रों के लिए नगर निगम आयुक्त को नोडल अधिकारी बनाया गया है. कलेक्टर ने 7 अगस्त से प्रत्येक शुक्रवार अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण, निर्माण कार्यों के निरीक्षण और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित करने के भी निर्देश दिए.
