मुख्य अभियंता ने अमृत 2.0 जल प्रदाय योजनाओं का किया निरीक्षण

रीवा: मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी (एमपीयूडीसी) के मुख्य अभियंता एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास रीवा संभाग के प्रभारी नोडल अधिकारी शैलेंद्र शुक्ला ने रीवा जिले के बैकुंठपुर एवं सिरमौर नगर परिषदों का दौरा कर अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत संचालित जल प्रदाय योजनाओं के निर्माण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया.
उन्होंने परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को दिए.

निरीक्षण के दौरान बैकुंठपुर में अधिकारियों ने बताया कि जल प्रदाय योजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है. मुख्य अभियंता ने 350 किलोलीटर क्षमता की ओवरहेड टंकी का निरीक्षण किया. इस दौरान बताया गया कि टंकी तक पहुँच मार्ग निजी भूमि पर होने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ. इस पर श्री शुक्ला ने कार्यदायी संस्था एवं परियोजना परामर्शदाता को निर्देश दिए कि अक्टूबर 2026 तक हर हाल में कार्य पूर्ण किया जाए. उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने पर अनुबंध की शर्तों के अनुसार संबंधित ठेकेदार पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी.

श्री शुक्ला ने नगर परिषद को नॉन-रेवेन्यू वाटर (एनआरडब्ल्यू) की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने, स्काडा प्रणाली का कार्य शीघ्र पूर्ण कर उसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन के माध्यम से जलापूर्ति प्रारंभ हो चुकी है, वहाँ पुरानी बोरिंगों को बंद करने के निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था ने बताया कि नगर परिषद द्वारा घरेलू नल कनेक्शन के उपभोक्ताओं की सूची उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे कार्य प्रभावित हो रहा है. इस पर मुख्य अभियंता ने नगर परिषद को निर्देशित किया कि शिविर आयोजित कर उपभोक्ताओं की सूची तत्काल तैयार कर कार्यदायी संस्था को उपलब्ध कराई जाए, ताकि घरेलू नल कनेक्शन का कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके.

इसके उपरांत श्री शुक्ला ने नगर परिषद सिरमौर में अमृत 2.0 मिशन के अंतर्गत संचालित जल प्रदाय योजना का निरीक्षण किया. यहाँ योजना का लगभग 87 प्रतिशत कार्य पूर्ण पाया गया. उन्होंने टोन्स बैराज स्थित इनटेक वेल पर चल रहे स्काडा कार्य का निरीक्षण कर संबंधित एजेंसी को एक सप्ताह के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने नगर परिषद अधिकारियों से कहा कि कार्यदायी संस्था को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए, निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास रीवा संभाग हरिशंकर मिश्रा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर परिषद बैकुंठपुर मौजूद रहे.

Next Post

NEET UG 2026 काउंसलिंग: दिव्यांग कोटे की एमबीबीएस सीट के लिए पात्रता प्रमाण पत्र अनिवार्य, बिना प्रमाण पत्र नहीं दिखेंगे विकल्प

Tue Aug 4 , 2026
भोपाल। NEET UG 2026 की काउंसलिंग में दिव्यांग (PwBD) श्रेणी के तहत एमबीबीएस सीट पाने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए नए नियम लागू किए गए हैं। चिकित्सा परामर्श समिति (MCC) और राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) के दिशा-निर्देशों के अनुसार, दिव्यांग कोटे की सीटों के लिए विकल्प भरने से पहले अधिकृत […]

You May Like