इंदौर: एमवाय अस्पताल में भर्ती परिजन को खाना देने पहुंचे युवक को गेट नंबर-2 पर गार्डों ने अंदर जाने से रोक दिया. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और कहासुनी के बाद गार्डों ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-थप्पड़ों से मारपीट कर दी. युवक को चोटें आने के बाद संयोगितागंज पुलिस ने मामला दर्ज किया है.गुरुशंकर नगर निवासी राहुल विश्वकर्मा के परिजन एमवाय अस्पताल में भर्ती हैं. राहुल उन्हें खाना देने के लिए अस्पताल पहुंचा था.
वह गेट नंबर-2 से अंदर जाने लगा तो वहां तैनात गार्डों ने उसे रोक लिया. राहुल ने अंदर जाने की वजह बताई, लेकिन इसी बात को लेकर गार्डों से उसकी कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर गार्डों ने राहुल के साथ गाली-गलौज की. राहुल ने इसका विरोध किया तो उसके साथ हाथ-थप्पड़ों से मारपीट कर दी गई. घटना में राहुल को चोटें आईं. राहुल ने मामले की शिकायत संयोगितागंज थाने में की. पुलिस ने आरोपी गार्डों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है. घटना की परिस्थितियों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
