अशोकनगर: छात्रावास में रह रहे बच्चों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बच्चों ने आरोप लगाया कि उन्हें परोसी गई रोटियों में कीड़े मिले और सब्ज़ी से बदबू आ रही थी। रसोई में गंदगी का आलम ऐसा था कि वहां रहना भी मुश्किल था।
बच्चों ने बताया कि कई दिनों से उन्हें घटिया भोजन दिया जा रहा है, लेकिन शिकायत के बाद भी कोई सुधार नहीं हुआ। निरीक्षण के दौरान सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी पहुंचे, जिन्होंने रसोई, बाथरूम और कमरों की बदहाल स्थिति देखकर नाराजगी जताई और कलेक्टर से जांच की मांग की।
महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला संयोजक आदिति सिंह ने बताया कि शिकायत के बाद तत्काल जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों को सुधार के निर्देश दिए गए हैं और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
