तियांजिन पहुंचे मोदी, एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे

तियांजिन/नयी दिल्ली 30 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चीन और जापान की चार दिन की यात्रा के दूसरे पड़ाव में शनिवार शाम चीन के शहर तियांजिन पहुंच गये जहां वह शंघाई सहयोग संगठन(एससीओ) के राष्ट्राध्यक्षों के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
तियांजिन पहुंचने पर श्री मोदी का हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत किया गया। श्री मोदी की चीन यात्रा राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर हो रही है।
उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “ चीन के तियांजिन पहुंच गया हूं। एससीओ शिखर सम्मेलन में चर्चा और विभिन्न वैश्विक नेताओं के साथ मिलने के लिए उत्सुक हूं। ”
श्री मोदी की पिछले सात वर्षो में यह पहली चीन यात्रा और राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ पिछले एक वर्ष में दूसरी मुलाकात होगी। गुरूवार को दोनों देशों की यात्रा पर रवाना होने से पहले श्री मोदी ने कहा था कि वह शिखर सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति शी जिनपिंग, राष्ट्रपति पुतिन और अन्य नेताओं से मिलने के लिए उत्सुक हैं। एससीओ के बारे में उन्होंने कहा “ भारत एससीओ का सक्रिय और रचनात्मक सदस्य है। अपनी अध्यक्षता के दौरान, हमने नवाचार, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में नए विचार रखे हैं और सहयोग की पहल की है।” उन्होंने कहा कि भारत साझा चुनौतियों का समाधान करने और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने के लिए एससीओ सदस्यों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी यात्रा भारत के राष्ट्रीय हितों और प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा,“मुझे विश्वास है कि जापान और चीन की मेरी यात्राएँ हमारे राष्ट्रीय हितों और प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाएँगी, और क्षेत्रीय एवं वैश्विक शांति, सुरक्षा तथा सतत विकास को आगे बढ़ाने में फलदायी सहयोग के निर्माण में योगदान देंगी।”

Next Post

ले होई ट्रुंग वियतनाम नए कार्यवाहक विदेश मंत्री बने

Sat Aug 30 , 2025
हनोई, 30 अगस्त (वार्ता) वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह ने शनिवार को राजधानी हनोई में एक समारोह की अध्यक्षता में ले होई ट्रुंग को आधिकारिक रूप से विदेश मामलों का कार्यवाहक मंत्री नियुक्त किया गया। वियतनाम समाचार एजेंसी ने यह जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार, श्री ट्रुंग को पार्टी […]

You May Like