38वीं अखिल भारतीय रेलवे शतरंज प्रतियोगिता शुरू

जबलपुर। रेलवे स्टेडियम, जबलपुर में सोमवार को 38वीं अखिल भारतीय रेलवे शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ पश्चिम मध्य रेल के अपर महाप्रबंधक एवं प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता एकनाथ मोहकर ने किया। उन्होंने शतरंज की पहली चाल चलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ के अध्यक्ष मनोज गुरुमुखी, महासचिव ज्ञान प्रकाश शिव नारायण, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस.डी. पाटीदार, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त राजीव कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं खिलाड़ी मौजूद रहे। पश्चिम मध्य रेल खेलकूद संघ, जबलपुर द्वारा आयोजित प्रतियोगिता 5 से 11 अक्टूबर तक चलेगी, जिसमें भारतीय रेल की 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें दक्षिण पूर्व रेलवे, पूर्व रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, दक्षिण तटीय रेलवे, मेट्रो रेलवे, दक्षिण पश्चिम रेलवे, पश्चिम रेलवे, पश्चिम मध्य रेलवे, उत्तर पश्चिम रेलवे, उत्तर रेलवे, रेल कोच फैक्ट्री, दक्षिण रेलवे, मध्य रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, रेल व्हील फैक्ट्री और बनारस लोकोमोटिव वर्क्स की टीमें शामिल हैं।

प्रतिभा को निखारने का अवसर 

इस अवसर पर एकनाथ मोहकर ने कहा कि शतरंज एकाग्रता, धैर्य, रणनीतिक सोच और सही समय पर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने वाला खेल है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना और अनुशासन के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में देशभर के रेलवे खिलाड़ी अपनी रणनीति और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे, जिससे खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव मिलने के साथ अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर भी मिलेगा।

Next Post

कोहिमा में सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए हाफ मैराथन

Mon Oct 5 , 2026
दीमापुर, 05 अक्टूबर (वार्ता) सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने, जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को व्यवस्थित करने और युवाओं के विकास के लिए सोमवार को कोहिमा के इंदिरा गांधी स्टेडियम में ‘स्पंदन’ बैनर तले राज्य स्तरीय हाफ मैराथन आयोजित की गई। इसमें हाफ मैराथन के साथ-साथ फुटबॉल, बैडमिंटन और वॉलीबॉल […]

You May Like