सिंगरौली: जिले के बैढ़न मुख्यालय से गुजरने वाले विंध्यनगर सड़क मार्ग पर लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद फ्लाई ऐश का परिवहन जारी था। यातायात पुलिस ने आज सख्ती दिखाते हुए सात बल्कर वाहनों को जप्त किया। यातायात थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने बताया कि कलेक्टर चंद्रशेखर शुक्ला ने स्पष्ट आदेश दिए हैं कि इस मार्ग से न तो कोयले का परिवहन होगा और न ही फ्लाई ऐश का।
इसके बावजूद कुछ ट्रांसपोर्ट संचालक चोरी-छिपे फ्लाई ऐश ले जा रहे थे। पकड़े गए वाहनों पर जुर्माना लगाया जा रहा है। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि प्रतिबंधात्मक आदेशों का सख्ती से पालन करना होगा, अन्यथा इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि शहर के बीच से गुजरने वाले इस मार्ग को प्रदूषण की आशंका के चलते “नो फ्लाई ऐश ट्रांसपोर्ट जोन” घोषित किया गया है।
