
सीहोर. बीती रात जिले में सीजन की सबसे तेज बारिश हुई. स्थिति यह थी कि जिले में 48.3 मिमी यानी कि करीब 2 इंच औसत बारिश रिकार्ड की गई है. सुबह कई गांवों के नदी- नालों का पानी रपटे के ऊपर से बहने के कारण आवाजाही बंद हो गई थी.
मौसम विभाग का मानना है कि जलवायु परिवर्तन के कारण चक्रवातों का रास्ता बदल गया है. पहले ये चक्रवात तमिलनाडु और आंध्रप्रदेश से होकर गुजरात की ओर जाते थे, लेकिन अब मध्यप्रदेश से होकर गुजरात की ओर जा रहे हैं, इसलिए पूरे प्रदेश में तेज बारिश हो रही है. सीहोर के भी सभी ब्लॉक में तेज भारी बारिश हुई. हालांकि अभी 24 घंटे और ऐसा ही मौसम बना रहेगा.
रविवार दिन में मौसम साफ रहा, यहां तक कि दोपहर के समय धूप भी निकली, लेकिन रविवार-सोमवार दरमियानी रात जिले में तेज बारिश हुई. रात में हुई बारिश ने पूरे जिले को पानी-पानी कर दिया. नर्मदा नदी में करीब 4 फीट तक जलस्तर बढ़ गया. वहीं जिले के सभी नदी-नालों में पहली बार उफान आया. हालांकि सोमवार को सुबह से मौसम साफ रहा, जिसके कारण नदी-नालों का उफान ज्यादा देर नहीं रुका. लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है जब पूरे जिले में एक जैसी बारिश हुई. यानि की हर जगह एक इंच से ज्यादा बारिश हुई है. आरएके कॉलेज स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि पश्चिम से हवा 15 किमी की रफ्तार से चल रही है. ऐसे में सोमवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. उन्होंने अगले 24 घंटे और तेज बारिश की संभावना जताई है. इसके बाद बारिश से राहत मिलेगी.
झूमकर बरस रहे बादल, 25 फीसदी कोटा पूरा
मानसून के 37 दिन बीत गए हैं, ऐसे में जिले में बारिश का कोटा 25.5 फीसदी पूरा हो चुका है. अभी बारिश के ढाई महीने से ज्यादा हैं. जुलाई और अगस्त में सबसे ज्यादा बारिश होती है. इस साल सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है. जिले की सामान्य औसत बारिश 1148.4 मिमी मानी गई है, जबकि अब तक जिले में 293.5 मिमी औसत बारिश हो चुकी है. पिछले साल अब तक जिले में 172.2 मिमी औसत बारिश ही हुई है. पिछले 24 घंटे के दौरान जिले में सबसे ज्यादा बारिश जावर क्षेत्र में हुई है. यहां 89 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है. इस साल अब तक की सबसे कम बारिश भी जावर में ही हुई है. इछावर में 65 मिमी, रेहटी में 53.2, बुदनी में 44 , आष्टा में 42 मिमी, सीहोर में 35.1 मिमी, भैरूंदा में 33 मिमी व श्यामपुर में 25.1 मिमी बारिश दर्ज हुई है.
