तिरुवनंतपुरम, 09 फरवरी (वार्ता) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) केरल राज्य सचिव बिनॉय विश्वम ने साइबर सेल में एक झूठी एवं मानहानि वाले फेसबुक पोस्ट के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें दावा किया गया है कि उनकी पत्नी और दो बेटियों के पास ब्रिटिश नागरिकता है।
इस आरोप को चरित्र हनन का जानबूझकर किया गया प्रयास बताते हुए श्री विश्वम ने कहा कि यह पोस्ट उन्हें एक सार्वजनिक हस्ती के रूप में बदनाम करने और उनके परिवार को कलंकित करने के उद्देश्य से लिखी गई थी।
शिकायत में कहा गया है कि आंचाल के एक निवासी द्वारा कथित रूप से किए गए पोस्ट में झूठा दावा किया गया था कि श्री विश्वम की पत्नी शायला सी. जॉर्ज और उनकी दो बेटियां यूनाइटेड किंगडम की नागरिक हैं। इस दावे का खंडन करते हुए श्री विश्वम और उनके परिवार ने स्पष्ट किया कि तीनों के पास भारतीय पासपोर्ट है, जो पहले से ही सार्वजनिक रूप से उपलब्ध है।
सुश्री जॉर्ज दक्षिण मालाबार ग्रामीण बैंक की सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी और कई पुस्तकों की लेखिका हैं। उनकी बड़ी बेटी, रश्मी बिनॉय, एक प्रख्यात पत्रकार हैं जिन्होंने टाइम्स ऑफ इंडिया, इंडिया टुडे और द हिंदू जैसे प्रमुख राष्ट्रीय मीडिया संगठनों के साथ काम किया है।
वह वर्तमान में पेरिस के साइंसेज पो विश्वविद्यालय में पीएचडी कर रही हैं, जहां उनका शोध केरल के सांस्कृतिक इतिहास पर केंद्रित है। उनकी छोटी बेटी, सूर्या, केरल उच्च न्यायालय में वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और सरकारी वकील के रूप में भी सेवाएं देती हैं।
इन तथ्यों के सार्वजनिक रूप से उपलब्ध होने के बावजूद, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक पोस्ट स्पष्ट रूप से दुर्भावनापूर्ण इरादे से गलत सूचना फैलाने, सोशल मीडिया पर श्रीविश्वम का अपमान करने और उनके परिवार के सदस्यों को बदनाम करने के लिए किया गया था।
सीपीआई नेता ने पुलिस से आग्रह किया है कि वह आईटी अधिनियम और आपराधिक कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज करे और मौजूदा साइबर कानूनों के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू करे।
