जबलपुर:आसमान से गिरता हुआ पानी और फिर इसी बीच विद्युत विभाग का अमला स्ट्रीट लाइटों में विद्युत सप्लाई यथावत चालू करने जद्दोजहद करता हुआ.. कुछ देर बाद विद्युत सप्लाई चालू कर दी गई। ये पूरा नजारा भूकंप कॉलोनी क्षेत्र का था जहां के रहवासियों ने अब राहत की सांस ली है। साथ ही स्थानीय रहवासी शुभम साहू, अनुराग पांडे , गोलू कोष्टा, धर्मेंद्र साहू, बलराज सिंह, जितेंद्र साहू ,मंजुलता साहू, सहित अन्य ने नवभारत और विद्युत सुधार कार्य में अहम भूमिका निभाने वाले सब इंजीनियर विवेक शुक्ला के प्रति आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि विगत 11 सितंबर को नवभारत ने शाम ढलते ही छा जाता है अंधेरा, सड़क से गुजरने में कतरा रहीं महिलाएं के शीर्षक की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी जिसके बाद नींद से जागे विद्युत विभाग ने जिम्मेदारों को मौके पर भेजकर बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों में सुधार कार्य करके विद्युत सप्लाई चालू की।
बढ़ गया था असामाजिक तत्वों का खतरा
इस संबंध में भूकंप कॉलोनी के शुभम साहू सहित अन्य ने नवभारत को बताया था कि शाम ढलते ही भूकंप कॉलोनी व उसके आसपास के क्षेत्रों में अंधेरा छा जाता था जिससे महिलाएं सड़क से निकलने में कतराने लगीं थीं। साथ ही असामाजिक तत्वों का डर भी अंधेरे में लोगों को सताने लगा था। रहवासियों की माने तो बीते 1 माह से भूकंप कॉलोनी के आसपास की करीब 15 स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हुईं थीं। जो कि अब सुधार कार्य के बाद चालू हो गईं हैं और अब क्षेत्रीय लोगों को अंधेरे में सड़क पर से नहीं गुजरना होगा। विदित हो कि अंधेरे में असामाजिक तत्वों का गिरोह ज्यादा सक्रिय हो जाता है इसी कारण लोगों में इसको लेकर दहशत भी थी।
