भारत के सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने इंडोनेशिया के समक्ष देश का पक्ष रखा

जकार्ता, 30 मई (वार्ता) इंडोनेशिया की यात्रा पर गए भारत के सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल तृणमूल कांग्रेस नेता अभिषेक बनर्जी ने इंडोनेशिया के लोगों का आह्वान किया है कि वे हर प्रकार के आतंकवाद का सामना करें क्योंकि यह खतरा किसी विशेष क्षेत्र तक सीमित नहीं है बल्कि विश्व स्तर पर फैल चुका है।

श्री बनर्जी ने कहा की प्रतिनिधिमंडल आतंकवाद से निपटने का संदेश साझा करने और 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले में पाकिस्तान की भूमिका के बारे में विश्व के नेताओं को बताने यहां आया था। उन्होंने कहा ‘ हमने 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए भीषण हमले में पाकिस्तान की भूमिका पर प्रकाश डाला। पाकिस्तान आतंकवादियों को पालता, प्रशिक्षित करता और पनाह देता रहा है। आतंकवाद एक वैश्विक खतरा बन गया है। धर्म के नाम पर लोगों की हत्या करना पूरी तरह से अस्वीकार्य है।’

श्री बनर्जी ने आतंकवादी ठिकानों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में कहा, “हम पर 22 अप्रैल को हमला हुआ था। हमने पाकिस्तान द्वारा अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए 14 दिनों तक धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा की। जब वे विफल हो गए तो भारत ने केवल आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाते हुए सटीक, गैर-उग्र हवाई हमले किए। इसमें किसी भी नागरिक की जान को खतरा नहीं पहुंचा।”

उन्होंने कहा कि मुंबई पर 26/11 के हमले के दौरान भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने अजमल कसाब को रंगे हाथों पकड़ा था जिसने पाकिस्तान में ‘प्रशिक्षण’ और ‘पालन-पोषण’ की बात स्वीकार की थी। लेकिन इस बार भारत ने उस जगह को ही सफलतापूर्वक निष्प्रभावी कर दिया जहां ऐसे आतंकवादियों को प्रशिक्षित किया जाता रहा है।

तृणमूल कांग्रेस महासचिव ने कहा ‘ हमने जापान, दक्षिण कोरिया और सिंगापुर का दौरा कर विभिन्न प्रमुख साझेदार से वार्ता की और सभी ने यह राय साझा की कि हम सभी को आतंकवाद का मिलकर मुकाबला करना चाहिए क्योंकि यह केवल भारत का मुद्दा नहीं है बल्किन यह एक वैश्विक अनिवार्यता बन गया है।’

श्री बनर्जी ने कहा, “बाहरी ताकतों द्वारा हमें विभाजित करने के प्रयासों के बावजूद, हमारा देश एकजुट है और यह बहुत लंबे समय में पहली बार है कि हमारे देश ने आतंकवाद से एकजुट होकर लड़ने का संदेश फैलाने के लिए दुनिया के विभिन्न हिस्सों में कई प्रतिनिधिमंडल भेजने का फैसला किया है।”

उन्होंने कहा कि भारत का रुख स्पष्ट है और बाहरी ताकतों के देश में विभाजन पैदा करने के प्रयासों के बावजूद भारतीय एकजुट हैं। श्री बनर्जी ने दोहराया “मैं भारत की दूसरी सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी से हूं जिसके पास संसद के दोनों सदनों को मिलाकर कुल 42 सदस्य हैं। हम अपने दृष्टिकोण में बहुत स्पष्ट हैं। हालांकि सत्तारुढ़ सरकार के साथ हमारे मतभेद हो सकते हैं लेकिन जब राष्ट्रीय हितों और राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा की बात आती है तो हम हमेशा देश के सर्वोत्तम हित में काम करेंगे।”

उन्होंने कहा कि भारत महात्मा गांधी, गौतम बुद्ध, रवींद्रनाथ टैगोर और नेताजी सुभाष चंद्र बोस की भूमि है और यह एक शांतिप्रिय राष्ट्र है। उन्होंने इंडोनेशियाई नेताओं और प्रवासी भारतीयों से बातचीत करते हुए कहा, “हम हमेशा युद्ध या हिंसा के बारे में बात करने में सबसे पीछे रहते हैं।” उन्होंने याद दिलाया कि इंडोनेशिया भी अतीत में आतंकवाद का शिकार रहा है।

 

 

Next Post

70 वर्ष के हुये परेश रावल

Fri May 30 , 2025
मुंबई, (वार्ता) अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को दीवाना बनाने वाले परेश रावल आज 70 वर्ष के हो गये। परेश रावल का जन्म 30 मई, 1955 को मुंबई में एक गुजराती ब्राह्मण परिवार में हुआ था। परेश के पिता का नाम ‘दह्यालाल रावल’ था। परेश ने स्कूल की पढ़ाई ‘महाराष्ट्र […]

You May Like