रेवंत की अमेरिका यात्रा का कार्यक्रम मुख्यमंत्री के पद के अनुरूप नहीं : विदेश मंत्रालय

नयी दिल्ली 21 अगस्त (वार्ता) विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की अमेरिका यात्रा का कार्यक्रम मुख्यमंत्री के पद और उद्देश्य के अनुरूप नहीं था इसलिए उन्हें वहां की यात्रा की अनुमति नहीं दी गयी।

उल्लेखनीय है कि श्री रेड्डी के कार्यालय ने एक बयान जारी कर आरोप लगाया था कि उन्हें राजनीतिक कारणों से अमेरिका यात्रा की अनुमति नहीं दी गयी।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को मीडिया ब्रीफिंग में इससे संबंधित सवाल के जवाब में कहा कि श्री रेड्डी को ब्रिटेन यात्रा की अनुमति दी गयी थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अमेरिका यात्रा का कार्यक्रम उनके पद के अनुरूप नहीं था इसलिए उन्हें वहां जाने की अनुमति नहीं दी गयी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रियों की यात्रा का, और वास्तव में अन्य गणमान्य व्यक्तियों की यात्राओं का भी, मंत्रालय द्वारा आकलन किया जाता है ताकि राजनीतिक अनुमति प्रदान की जा सके। ऐसे मामलों में प्रस्तावित कार्यक्रम उस पद के अनुरूप होना चाहिए जिस पर संबंधित व्यक्ति आसीन है और यात्रा के उद्देश्य के अनुरूप होना चाहिए। इस विशेष मामले में,अमेरिका के संबंध में ऐसा नहीं था। इसलिए अनुमति नहीं दी गयी है।

श्री रेड्डी ब्रिटेन और अमेरिका की यात्रा पर गुरुवार को रवाना हुए थे । उनकी प्रस्तावित अमेरिका यात्रा के लिए सरकार से अनुमति नहीं मिलने पर अब वह ब्रिटेन से स्वदेश लौट आयेंगे।

 

 

Next Post

अब पीएचडी के लिए मास्टर डिग्री की जरूरत नहीं, स्नातक के बाद करें पीएचडी

Fri Aug 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 अगस्त (वार्ता) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (एफवाईयूपी) पूरा करने वाले छात्रों के लिए बिना मास्टर डिग्री के सीधे पीएचडी में दाखिला का रास्ता खोल दिया है, जिससे शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए योग्य छात्र सीधे आवेदन कर सकेंगे। […]

You May Like