
ग्वालियर। बीएसएफ के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने टेकनपुर स्थित अकादमी का दौरा किया। इस अवसर पर डीजी बीएसएफ द्वारा स्कूल ऑफ ड्रोन वारफेयर का उद्घाटन किया गया ।
इस स्कूल के माध्यम से अधिकारियों और जवानों को ड्रोन संबंधित समसामयिक युद्ध कौशल तथा तकनीकि ज्ञान प्रदान किए जायेंगे ताकि सुरक्षा की नई और विषम चुनौतियों जैसे आधुनिक युद्ध में मानवरहित वायु प्रणाली का सफलतापूर्वक सामना किया जा सके। इस स्कूल द्वारा ड्रोन वारियर और ड्रोन कमांडो तैयार किए जाऐंगे।
महानिदेशक, बीएसएफ ने ड्रोन कोर्स के प्रशिक्षुओं से संवाद किया जो अब ड्रोन योद्धा बनने जा रहे हैं।
इससे पहले डीजी बीएसएफ दलजीत सिंह के आगमन पर अकादमी परिसर में स्वागत किया गया। उन्होंने अकादमी जंगल ट्रेल, योग परिसर एवं लेक व्यू उद्यान का भी विधिवत उद्घाटन किया जो बीएसएफ का समग्र विकास का प्रमाण है।
इस अवसर पर डीजी बीएसएफ ने उन सीमा प्रहरियों का भी स्मरण किया, जिन्होंने ऑप्स सिंदूर में सर्वोच्च बलिदान दिया है । उनके बलिदान को राष्ट्र द्वारा वीरचक्र से नवाजा गया । साथ ही उन वीरों को भी याद किया गया जिन्हें ऑप्स सिंदूर में उनके वीरतापूर्ण योगदान के लिए गैलंट्री मेडल से सम्मानित किया गया।
डीजी बीएस एफ वर्तमान में चल रहे तीन वर्षीय यूक्रेन-रूस युद्ध, ऑपरेशन सिंदूर से मिली सीख तथा ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन युद्धकला में मशीन लर्निंग (एमएल) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की उभरती भूमिका पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर महानिदेशक बीएसएफ ने ड्रोन स्कूल फॉर वारफेयर एवं रुस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के आधिकारिक लोगोस एवं ’पुलिस टेक्नोलोजी इनोवेशन सेंटर के कम्पोन्डियम का अनावरण किया।
अकादमी जंगल ट्रेल का उदघाटन एवं अवलोकन करते हुए महानिदेशक ने इसे प्राकृतिक परिवेश में प्रशिक्षण और अभ्यास के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया। यह ट्रेल बीएसएफ कार्मिकों प्रकृति से जोड़ने के साथ ही यथार्थ परिस्थितियों का भी अनुभव कराती है, जिससे उनकी कार्यकुशलता और सहनशक्ति का विकास होता है।
अकादमी परिसर में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात महानिदेशक ने रुस्तमजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के बोर्ड के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक के दौरान संस्थान की उपलब्धियों, नवाचार परियोजनाओं और आने वाली योजनाओं की समीक्षा की गई, साथ ही छात्रों और फैकल्टी मेंबर्स की तकनीकी उन्नति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। उसके पश्चात् डीजी बी एस एफ द्वारा छात्र गतिविधि केंद्र तथा फैकलटी गेस्ट हाउस का भी विधिवत उद्घाटन किया गया ।
महानिदेशक सीमा सुरक्षा बल ने सभी अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों, छात्रों और स्टाफ को उनके अथक प्रयासों के लिए शुभकामनाएँ दीं और उम्मीद जताई कि ये संस्थान राष्ट्रीय गौरव की नई मिसाल स्थापित करेंगे। बीएसएफ अकादमी के निदेशक डॉ शमशेर सिंह के नेतृत्व में यह दौरा सफल रहा।
